Bihar Budget 2026: 'मुख्यमंत्री हैं मानसिक रुप से बीमार, बिहार को कर दिया है शर्मसार', नीट छात्रा हत्याकांड मामले में सदन में भारी बवाल

Bihar Budget 2026: बिहार विधानमंडल के तीसरे दिन सदन में नीट छात्रा हत्याकांड मामले को लेकर भारी बवाल देखने को मिला। राजद विधायकों ने हाथ में पोस्टर बैनर लेकर नीतीश सरकार पर जबरदस्त हमला बोला है।

बिहार विधानसभा
सदन में भारी बवाल - फोटो : social media

Bihar Budget 2026: बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का आज तीसरा दिन है। तीसरे दिन की कार्यवाही के लिए सभी सदस्य बिहार विधानसभा पहुंच रहे हैं। वहीं आज विधानसभा परिसर में भारी बवाल देखने को मिल रहा है। राजद विधायक नीट छात्रा हत्याकांड मामले को लेकर विधान परिसर में भारी हंगामा कर रहे हैं। हाथों पोस्टर बैनर लेकर विधानसभा के पोर्टिको में खड़े होकर भारी बवाल कर रहे हैं। पोस्टर में लिखा है कि मुख्यमंत्री हैं मानसिक रुप से बीमार, बिहार को कर दिया है शर्मसार। इसके पहले भाई वीरेंद्र ने भी बड़ा खुलासा किया था। 

राजद विधायक का दावा  

भाई वीरेंद्र ने कहा है कि अगर वो लोग नीट छात्रा हत्याकांड मामले को लेकर कोई भी बयान देते हैं तो उनके पास पुलिस अधिकारियों का फोन आता है। पुलिस अधिकारी कहते हैं कि आप क्यों इस मामले पर बयान दे रहे हैं, सर ऐसे बयान मत दीजिए। ऐसा नहीं है। भाई वीरेंद्र ने एक बार फिर दावा किया कि सरकार इस मामले में लीपापोती कर रही है। सरकार सभी साक्ष्य को मिटा दी है। इस घटना में बड़े नेताओं के बेटे शामिल हैं इसलिए साक्ष्य मिटा दिया गया है।

एआईएमआईए विधायकों ने भी काटा बवाल 

वहीं बिहार विधानसभा परिसर में गुरुवार को एआईएमआईएम के विधायकों ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने नीट छात्रा प्रकरण और राज्य में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर सरकार पर गंभीर सवाल उठाए। एआईएमआईएम विधायक अख्तरुल ईमान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह से विफल हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है और स्थिति यह हो गई है कि “गुंडों ने सरकार का अपहरण कर लिया है।”

नीट छात्रा हत्याकांड मामले में निष्पक्ष जांच की मांग 

उन्होंने कहा कि राज्य में अल्पसंख्यक और छोटे व्यवसायी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। नीट छात्रा से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए अख्तरुल ईमान ने कहा कि इस घटना की सच्चाई अब सामने आ चुकी है और यह सरकार की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार का “बेटी बचाओ” का नारा अब कहीं दिखाई नहीं देता। राज्य में लगातार महिलाओं और व्यवसायियों के साथ अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। एआईएमआईएम विधायकों ने सरकार से मांग की कि नीट छात्रा मामले सहित अन्य आपराधिक घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों का भरोसा कानून-व्यवस्था पर कायम रह सके।

पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट