मुकेश सहनी का बड़ा ऐलान: निषाद समाज के आरक्षण की लड़ाई होगी तेज, 2029 से पहले तैयार होंगे 50 हजार निषाद योद्धा

मुकेश सहनी का बड़ा ऐलान: निषाद समाज के आरक्षण की लड़ाई होगी
मुकेश सहनी का बड़ा ऐलान- फोटो : रिपोर्टर

Patna : विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने पटना के दीघा में 'निषाद गुरुकुल' का शिलान्यास किया है। इस अवसर पर निषाद विकास संघ (NVS) और VIP की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें हजारों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। लगभग सात एकड़ भूमि पर बनने वाले इस गुरुकुल का उद्घाटन अगले वर्ष किए जाने की योजना है। इस केंद्र में युवाओं और कार्यकर्ताओं के नेतृत्व विकास, संगठनात्मक क्षमता और सामाजिक जागरूकता के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।


50 हजार निषाद योद्धा तैयार करने का लक्ष्य

बैठक में आगामी वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले पूरे देश और राज्य में 50 हजार प्रशिक्षित निषाद योद्धाओं की फौज तैयार करने का बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह प्रशिक्षित टीम गांव-गांव जाकर निषाद समाज के लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों, शिक्षा और रोजगार के प्रति जागरूक करेगी तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाएगी।


VIP के लिए अभिभावक संगठन की भूमिका निभाएगा निषाद विकास संघ

इस बैठक में निषाद विकास संघ और विकासशील इंसान पार्टी के बीच आपसी तालमेल को बेहतर बनाने पर भी सहमति बनी। इसके तहत निषाद विकास संघ, VIP पार्टी के लिए एक 'अभिभावक संगठन' की भूमिका निभाएगा। इससे उन लोगों को भी समाज सेवा और अधिकारों की लड़ाई से जुड़ने का अवसर मिलेगा, जो प्रत्यक्ष रूप से किसी राजनीतिक दल का हिस्सा बनकर काम नहीं करना चाहते हैं।


उत्तर प्रदेश के 55 जिलों में चलेगा 'निषाद संकल्प अभियान'

बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश की राजनीति पर फोकस करते हुए मुकेश सहनी ने ऐलान किया कि यूपी के 55 जिलों में 'निषाद संकल्प अभियान' को और तीव्र किया जाएगा। इसके लिए 250 लोगों की 50 विशेष टीमें गठित कर उन्हें गांव-गांव भेजा जाएगा। इस अभियान के दौरान गंगाजल हाथ में लेकर आरक्षण के समर्थन में संकल्प दिलाया जाएगा और समाज के लोगों से अपील की जाएगी कि यदि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले निषाद आरक्षण की मांग पूरी नहीं होती है, तो वे भाजपा को वोट न दें।


व्यापक जनआंदोलन खड़ा करने की तैयारी

मुकेश सहनी के नेतृत्व में निषाद विकास संघ और वीआईपी पार्टी का मुख्य उद्देश्य निषाद समाज को एकजुट कर आरक्षण के मुद्दे पर एक बड़ा और निर्णायक जनआंदोलन खड़ा करना है, ताकि समाज की सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक भागीदारी को पूरी मजबूती मिल सके।


देवांशु प्रभात की रिपोर्ट