विपक्ष पर जमकर बरसे सांसद अरुण भारती : ममता बनर्जी को बताया महिला आरक्षण विरोधी, तेजस्वी पर भी साधा निशाना
Bihar News : महिला आरक्षण बिल को लेकर लोजपा सांसद अरुण भारती ने विपक्ष पर निशाना साधा है। भारती ने बगांल की सीएम को महिला विरोधी बताते हुए बंगाल की जनता से उन्हें सत्ता से हटाने की अपील की है। वही तेजस्वी पर भी निशाना साधा...
Patna : लोजपा (रामविलास) के सांसद अरुण भारती ने बंगाल चुनाव के परिप्रेक्ष्य में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि एक महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद जिस तरह से ममता बनर्जी ने महिला बिल का विरोध किया और उसे पलटने का काम किया, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। भारती ने बंगाल की जनता से अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि जनता इस सच्चाई को देखे और ममता बनर्जी को सत्ता से उतारकर एनडीए को सेवा का मौका दे, ताकि राज्य में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।
वहीं, बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बंगाल और तमिलनाडु में चुनाव प्रचार करने पर भी सांसद ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह 'ओछी राजनीति' का परिचायक है कि जब बिहार में सदन की कार्यवाही चलती है, तब नेता प्रतिपक्ष गायब रहते हैं और दूसरे राज्यों में प्रचार करते फिरते हैं। भारती ने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव अपने ही राज्य की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने में विफल रहे हैं और उन्हें अपनी जिम्मेदारी का बोध होना चाहिए।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार की जदयू में बढ़ती सक्रियता पर सांसद ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे एक 'अच्छी परंपरा' बताते हुए कहा कि निशांत कुमार अपनी पार्टी की विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी को बखूबी निभा रहे हैं। भारती ने यह भी स्पष्ट किया कि लोजपा (रामविलास) के कार्यकर्ता उनकी सहायता के लिए हमेशा तत्पर हैं और भविष्य में जब भी आवश्यकता होगी, वे उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे।
बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार के बहुप्रतीक्षित मुद्दे पर सांसद ने कहा कि यह पूरी तरह से मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। हालांकि, उन्होंने संकेत दिया कि जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार होगा और संबंधित नेताओं को उनके मंत्रालयों का आवंटन कर दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम के साथ सरकार के विकास कार्यों में और तेजी आएगी और प्रशासनिक मजबूती मिलेगी।
अंत में, राहुल गांधी द्वारा बंगाल में ममता सरकार पर हमला करने को लेकर उन्होंने 'इंडिया' गठबंधन की एकजुटता पर सवाल उठाए। सांसद भारती ने विपक्षी दलों को 'अवसरवादी' बताते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में साथ होने का ढोंग करने वाले ये लोग अब राज्यों में एक-दूसरे के खिलाफ लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और ममता बनर्जी के बीच की यह आपसी लड़ाई उनकी वैचारिक भिन्नता और सत्ता के लालच को उजागर करती है।
रणजीत की रिपोर्ट