Bihar Monsoon: मॉनसून की दस्तक, आ गया केरल में बारिश का तूफान, 12 जून तक बिहार पहुंचेगा, इस साल कम होगी बारिश

Bihar Monsoon: भारत मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार को औपचारिक घोषणा कर दी कि मॉनसून केरल पहुंच चुका है।

Monsoon Hits Kerala Late Bihar Faces Heat Till June 16
12 जून तक बिहार पहुंचेगा मॉनसून- फोटो : reporter

Bihar Monsoon: लंबे इंतजार के बाद आखिरकार भारत में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून का आगमन हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग  ने गुरुवार को औपचारिक घोषणा कर दी कि मॉनसून केरल पहुंच चुका है। दक्षिण भारतीय राज्य में पिछले कई दिनों से बारिश का दौर चल रहा था, लेकिन अब आधिकारिक तौर पर मॉनसून की एंट्री हो गई। खास बात ये है कि सामान्य तारीख 1 जून थी, लेकिन मॉनसून 4 दिन की देरी से पहुंचा। 

शुरुआती अनुमान था कि 26 मई तक दस्तक दे सकता है, फिर 30 मई तक का इंतजार बताया गया, लेकिन आखिरकार 5 जून के आसपास बारिश का सिलसिला शुरू हुआ।मौसम विभाग के मुताबिक, तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पत्तनमथिट्टा, इडुक्की और त्रिशूर जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। हवाएं 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। उत्तर-पश्चिम भारत के उन राज्यों के लिए ये राहत की खबर है जो भीषण गर्मी से जूझ रहे थे। 

लेकिन बिहार जैसे राज्यों के लिए अभी मुश्किलें बरकरार हैं। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अभी बिहार तक नहीं पहुंचा। विभाग का अनुमान है कि 12 से 16 जून के बीच मॉनसून बिहार में दस्तक देगा। तब तक राज्य में गर्मी और उमस का कहर जारी रहेगा। विशेषज्ञों का कहना है कि मॉनसून की धीमी रफ्तार ही तापमान बढ़ा रही है।देशभर में मॉनसून की रफ्तार को देखते हुए IMD ने संशोधित पूर्वानुमान जारी किया है। इस बार मॉनसूनी बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना है।

 दीर्घकालिक औसत का 90 फीसदी बारिश ही होने की उम्मीद है। दीर्घकालिक औसत  यानी 87 सेंटीमीटर बारिश, जो 1971 से 2020 तक के औसत पर आधारित है। अगर 90 प्रतिशत से कम हुई तो इसे अपर्याप्त माना जाएगा। अल-नीनो की उभरती स्थिति को इस कमी का एक बड़ा कारण बताया जा रहा है, जिसके चलते मानसून कमजोर पड़ता है।30 जून तक मॉनसून पूरे देश को कवर कर लेगा। 

बिहारवासियों को 12 जून तक उमस भरी गर्मी सहनी पड़ेगी। मौसम विभाग ने साफ कहा है कि तब तक सावधानी बरतें  ज्यादा पानी पिएं, हल्के कपड़े पहनें और दोपहर में बाहर निकलने से बचें। मॉनसून की इस देरी ने पूरे उत्तर भारत को गर्मी की आग में झोंक दिया है, लेकिन केरल में बारिश का जश्न शुरू हो चुका है। उम्मीद है कि 12 जून के बाद बिहार भी इस राहत की बारिश से सराबोर हो जाएगा। फिलहाल उमस और गर्मी का सितम झेलते रहिए, मॉनसून की पूरी ताकत जल्द ही देशभर में बरसेगी