Bihar Crime: आरा में अपराधियों का तांडव, हथियारबंद बदमाशों ने दिव्यांग युवक को मारी गोली , इलाके में दहशत
Bihar Crime: हथियारबंद बदमाशों ने बेगुनाह दिव्यांग युवक उमेश राम को राइफल की गोली मार दी।...
Bhojpur: जिले के आरा में एक बार फिर अपराधियों ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है। हथियारबंद बदमाशों ने बेगुनाह दिव्यांग युवक उमेश राम को राइफल की गोली मार दी। जख्मी युवक को दाहिने जांघ में गहरी गोली लगी है। पूरी घटना सिकरहटा थाना क्षेत्र के बघड़ा टोला की है, जहां रहने वाले उमेश राम पुत्र इला राम को अचानक निशाना बनाया गया। गोलीबारी की इस सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लोग घरों में दुबक गए हैं और हर तरफ खौफ की लहर दौड़ गई है।
परिजनों के मुताबिक, उमेश राम शौच के लिए घर से बाहर गया था। जब वह लौट रहा था, तभी वहां बैठे हथियारबंद अपराधियों ने बिना किसी चेतावनी के उस पर फायरिंग कर दी। युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। तुरंत उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टर उसकी जान बचाने की जद्दोजहद में लगे हैं। परिजनों ने बताया कि उमेश दिव्यांग है और किसी भी तरह के विवाद या दुश्मनी से इनकार किया है। फिर भी बदमाशों ने उसे निशाना बनाया। ये वारदात किस साजिश का हिस्सा है, अभी तक साफ नहीं हो पाया है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही सिकरहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और गवाहों से पूछताछ शुरू कर दी है। अपराधी किस गैंग के हैं और क्यों बेगुनाह दिव्यांग को गोली मारी, ये अभी राज बरकरार है। बघड़ा टोला के लोग इस घटना से बेहद आक्रोशित हैं। उन्होंने कहा कि इलाके में अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और आम आदमी की जान को खतरा बना हुआ है।
भोजपुर जिले में ये पहली ऐसी घटना नहीं है। पहले भी गोलीबारी और अपराध की कई वारदातें हो चुकी हैं। स्थानीय लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है। जख्मी युवक के परिजन अस्पताल के बाहर रो-रोकर न्याय की गुहार लगा रहे हैं।ये सनसनीखेज वारदात एक बार फिर बिहार के अपराधी माहौल को उजागर करती है। हथियारबंद बदमाशों का खौफ हर तरफ फैला हुआ है। पुलिस की छानबीन जारी है, लेकिन बघड़ा टोला के निवासी अब रात-दिन सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।
रिपोर्टर- आशीष कुमार