Bihar News : रंजन की गिरफ्तारी के विरोध में मोकामा नगर परिषद के कर्मचारी सड़क पर, कामकाज ठप; प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम

Bihar News : मोकामा थाना क्षेत्र के चिंतामणि चक निवासी रंजन कुमार की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को नगर परिषद के तमाम कर्मचारी सड़क पर उतर आए।

Bihar News : रंजन की गिरफ्तारी के विरोध में मोकामा नगर परिषद
72 घंटे में रिहाई नहीं तो तेज होगा आंदोलन- फोटो : VIKAS

Bihar News: मोकामा थाना क्षेत्र के चिंतामणि चक निवासी रंजन कुमार की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को नगर परिषद के तमाम कर्मचारी सड़क पर उतर आए। पुलिस कार्रवाई के खिलाफ कर्मचारियों ने आक्रोश जताते हुए नगर परिषद कार्यालय में कामकाज पूरी तरह ठप कर दिया। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने नगर परिषद अध्यक्ष निलेश कुमार माधव को ज्ञापन सौंपकर रंजन कुमार की रिहाई की मांग की।

बताया जाता है कि कुछ दिन पूर्व चिंतामणि चक टीओपी प्रभारी राजेश कुमार ने रोशन कुमार को शराब और हथियार रखने के मामले में गिरफ्तार किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को बाढ़ के एसडीपीओ ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच-पड़ताल की।

हालांकि, रंजन कुमार की गिरफ्तारी को लेकर स्थानीय लोगों के साथ नगर परिषद कर्मचारियों में भी भारी नाराजगी है। कर्मचारियों का आरोप है कि रंजन कुमार को साजिश के तहत इस मामले में फंसाया गया है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे नगर परिषद कर्मचारियों ने प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय के भीतर रंजन कुमार की सकुशल रिहाई नहीं होती है तो नगर परिषद का कामकाज बंद रहेगा। कर्मचारियों ने कहा कि जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन के कारण नगर परिषद कार्यालय में दिनभर कामकाज प्रभावित रहा। कर्मचारियों के सामूहिक विरोध के बाद अब प्रशासन के अगले कदम पर सभी की नजरें टिकी हैं।

रिपोर्टर-विकाश कुमार