BPSC कार्यालय के बाहर असिस्टेंट इंजीनियर अभ्यर्थियों का जोरदार हंगामा, रिजल्ट आने के एक साल बाद भी बहाली नहीं होने से आक्रोश
बिहार सरकार के विभिन्नि विभागों में असिस्टेंट इंजीनियर के 1048 पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर सैकड़ों अभ्यर्थी सोमवार को सड़कों पर उतर पड़े और बीपीएससी कार्यालय का घेराव किया।रिजल्ट आने के एक साल बाद भी बहाली नहीं होने से इनमें गुस्सा व्याप्त है.
Patna : राजधानी पटना में एक बार फिर बहाली की मांग को लेकर आक्रोशित अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा है। असिस्टेंट इंजीनियर (सहायक अभियंता) के पद पर नियुक्ति की मांग को लेकर आज सैकड़ों की संख्या में सफल अभ्यर्थियों ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि परीक्षा का रिजल्ट जारी हुए एक साल से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन अब तक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है।
एक साल से लटका है मामला
अभ्यर्थियों का कहना है कि कुल 1048 पदों पर असिस्टेंट इंजीनियर की बहाली होनी है, जिसके लिए परिणाम लंबे समय पहले घोषित किए जा चुके हैं। बावजूद इसके, सफल अभ्यर्थी नियुक्ति पत्र पाने के लिए पिछले एक साल से लगातार दफ्तरों के चक्कर काटने और आंदोलन करने को विवश हैं।
पथ निर्माण विभाग और प्रशासनिक सुस्ती पर सवाल
इस पूरे मामले में नोडल विभाग पथ निर्माण विभाग है। अभ्यर्थियों का आरोप है कि विभाग की ओर से इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। केवल मामला कोर्ट में विचाराधीन होने का हवाला देकर प्रशासनिक स्तर पर बहाली को टाला जा रहा है, जिससे युवाओं में भारी निराशा और आक्रोश व्याप्त है।
अभ्यर्थियों की चेतावनी
प्रदर्शन कर रहे युवाओं का कहना है कि वे पिछले एक साल से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रख रहे हैं, लेकिन उनकी सुधि लेने वाला कोई नहीं है। युवाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नियुक्ति को लेकर कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया, तो राज्य स्तर पर आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा।
अनिल की रिपोर्ट