ट्रांसफर-पोस्टिंग विवाद पर मंत्री दिलीप जायसवाल का पलटवार: मेरी 'ईमानदारी पर बिहार की जनता को पूरा भरोसा'

CO ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर एक निजी चैनल द्वारा नाम उछाले जाने पर मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि दुनिया भली-भांति जानती है कि ईमानदारी का दूसरा नाम दिलीप जायसवाल है और ऐसे आरोप से उनकी छवि को कोई नुकसान नही होगा

ट्रांसफर-पोस्टिंग विवाद पर मंत्री दिलीप जायसवाल का पलटवार: म
ट्रांसफर-पोस्टिंग विवाद पर मंत्री दिलीप जायसवाल का पलटवार- फोटो : वंदना

Patna : अंचलाधिकारियों (CO) के ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर एक निजी चैनल द्वारा प्रसारित रिपोर्ट में नाम उछालने जाने पर बिहार के मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कड़ी आपत्ति जताई है। चैनल की रिपोर्ट पर तीखा पलटवार करते हुए मंत्री ने अपने खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह से निराधार बताया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दुनिया भली-भांति जानती है कि ईमानदारी का दूसरा नाम दिलीप जायसवाल है और ऐसे मनगढ़ंत आरोपों से उनकी छवि को कोई नुकसान नहीं पहुंच सकता।


'जब लोग मां-बाप पर आरोप लगा सकते हैं तो दिलीप जायसवाल क्या चीज हैं'

अपने ऊपर लगे आरोपों पर भावुक और तीखी प्रतिक्रिया देते हुए दिलीप जायसवाल ने कहा कि आज के दौर में जब लोग अपने जन्मदाता मां-बाप तक पर आरोप लगाने से पीछे नहीं हटते, तो फिर दिलीप जायसवाल क्या चीज हैं। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ चलाए जा रहे दुष्प्रचार का जनता पर कोई असर नहीं होने वाला है, क्योंकि बिहार की जनता को उनकी निष्ठा और ईमानदारी पर पूरा भरोसा और विश्वास है।


पालीगंज CO के स्थानांतरण और पदस्थापना पर दी सफाई

पालीगंज के अंचलाधिकारी (CO) के तबादले को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए मंत्री ने विभागीय स्थिति साफ की। उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारी का पालीगंज से तबादला जरूर किया गया था, लेकिन वहां उनके जिम्मे कई महत्वपूर्ण कार्य अभी बाकी थे। इसी प्रशासनिक आवश्यकता और बचे हुए सरकारी कामों को पूरा कराने के उद्देश्य से अधिकारी को वहां से लाकर दूसरे स्थान पर पदस्थ किया गया है।



अधिकारी के खिलाफ जारी रहेगी जांच और विभागीय कार्रवाई

मंत्री ने मीडिया को आश्वस्त किया कि अधिकारी को बचे हुए काम पूरा करने की जिम्मेदारी देने का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि उन्हें राहत दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित अंचलाधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई और विभागीय जांच की प्रक्रिया निरंतर चल रही है। जांच और कार्रवाई के मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई या कोताही नहीं बरती जा रही है।



काम पूरा होते ही शिवहर वापसी, दोषी पाए जाने पर होंगे निलंबित

विभागीय योजना की जानकारी देते हुए मंत्री जायसवाल ने कहा कि जैसे ही अधिकारी द्वारा बकाया प्रशासनिक काम पूरा कर लिया जाएगा, उन्हें तुरंत वापस उनके मूल पदस्थापन स्थल शिवहर भेज दिया जाएगा। उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए यह भी साफ कर दिया कि यदि जारी जांच में अधिकारी के खिलाफ आरोपों की पुष्टि होती है या कार्रवाई की आवश्यकता सामने आती है, तो उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित भी किया जाएगा।


वंदना की रिपोर्ट