Bihar News : बांका में वज्रपात से तीन महिलाओं की मौत पर त्वरित राहत, विधायक ने आश्रितों को सौंपे 4-4 लाख रुपये के चेक

Bihar News : बांका के बोड़ा में तीन महिलाओं की मौत के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर तत्काल आश्रितों को अनुग्रह अनुदान राशि दी गयी है. बेलहर विधायक मनोज यादव ने पीड़ित परिजनों को चेक सौपा.....पढ़िए आगे

Bihar News : बांका में वज्रपात से तीन महिलाओं की मौत पर त्वर
पीड़ित परिजनों को राहत - फोटो : CHANDRASHEKHAR

BANKA : जिले में 11 अगस्त को वज्रपात की घटना में तीन महिलाओं की मौत के बाद राज्य सरकार ने प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई है। घटना पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया था। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधवार को मृतकों के आश्रितों को सहायता राशि उपलब्ध कराई। 

विधायक ने सौंपा चेक 

बेलहर विधायक मनोज यादव ने वज्रपात से मृत चांदन प्रखंड के सुईयां थाना क्षेत्र अंतर्गत बोड़ा गांव की तीन महिलाओं के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की दर से अनुग्रह अनुदान राशि प्रदान की। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, बांका सहित जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। वज्रपात की घटना में बोड़ा गांव की रिंकू देवी (40 वर्ष), रेणु देवी (32 वर्ष) और कुशमी देवी (45 वर्ष) की मौत हो गई थी। तीनों मृतकों के आश्रितों को राज्य सरकार के प्रावधान के तहत चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि दी गई। इस तरह तीनों परिवारों को कुल 12 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान उपलब्ध कराया गया।

आपदा की घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ

मुख्यमंत्री ने घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि मृतकों के आश्रितों को निर्धारित सहायता राशि बिना विलंब उपलब्ध कराई जाए। इसी क्रम में जिला प्रशासन द्वारा प्रक्रिया पूरी कर पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

खराब मौसम में सावधानी बरतने की अपील

इधर, जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से खराब मौसम और वज्रपात की स्थिति में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि मौसम खराब होने के दौरान लोग अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें और यथासंभव सुरक्षित स्थान पर रहें। साथ ही आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि आकाशीय बिजली की आशंका होने पर खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभे तथा अन्य असुरक्षित स्थानों से दूरी बनाए रखें और मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें।

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट