Patna Gandhi Setu Jam: महात्मा गांधी सेतु पर महाजाम, तीन घंटे तक थमी रफ्तार, हजारों वाहन फंसे, ट्रक-पिकअप की टक्कर से बढ़ी मुसीबत
Patna Gandhi Setu Jam: पटना को उत्तर बिहार से जोड़ने वाले महात्मा गांधी सेतु पर गुरुवार की सुबह एक बार फिर ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आई।...
Patna Gandhi Setu Jam: पटना को उत्तर बिहार से जोड़ने वाले महात्मा गांधी सेतु पर गुरुवार की सुबह एक बार फिर ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आई। सुबह-सुबह सेतु पर ऐसा महाजाम लगा कि हजारों वाहन करीब तीन घंटे तक रेंगते रहे। पटना से हाजीपुर और हाजीपुर से पटना आने-जाने वाले यात्रियों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा। कार्यालय जाने वाले कर्मचारी, छात्र, मरीज और आम यात्री जाम में फंसकर बेहाल हो गए।
सुबह के समय वाहनों का दबाव अचानक बढ़ने के कारण गांधी सेतु पर यातायात की रफ्तार पूरी तरह थम गई। कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कहीं बसें फंसी थीं तो कहीं ट्रक, पिकअप, ऑटो और निजी वाहन धीरे-धीरे सरकते दिखाई दे रहे थे। देखते ही देखते पूरा सेतु जाम की गिरफ्त में आ गया और दोनों ओर वाहनों का सैलाब उमड़ पड़ा।
स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब जाम के बीच एक ट्रक और पिकअप वाहन की आपस में टक्कर हो गई। इस हादसे में पिकअप चालक घायल हो गया। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल इलाज के लिए हाजीपुर वैशाली अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को भी सड़क से हटवाया, लेकिन तब तक जाम और विकराल रूप ले चुका था।
जाम की खबर मिलते ही यातायात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम हरकत में आई। विभिन्न प्वाइंटों पर पुलिस बल की तैनाती की गई और ट्रैफिक को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया गया। पुलिसकर्मी वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकालने में जुटे रहे, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे गांधी सेतु पर बढ़ते दबाव को देखते हुए वैकल्पिक मार्ग के रूप में जेपी सेतु का उपयोग करें।फिलहाल सुबह के समय गांधी सेतु पर बढ़ता ट्रैफिक प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।
ब्यूरो रिपोर्ट