अमर शहीद सुनील कुमार को दी गई श्रद्धांजलि, 29वीं पुण्यतिथि पर मोकामा में लोगों ने किया नमन
शहीद सुनील कुमार का जन्म 18 जनवरी 1964 को हुआ था। ड्यूटी के दौरान 1 नवंबर 1997 को मणिपुर के सेनापति जिले में उग्रवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में उन्होंने अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया।
Bihar News : मोकामा में रविवार को अमर शहीद नायक सुनील कुमार की 29वीं पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर मोकामा तेराहा स्थित उनकी प्रतिमा पर लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर देश की रक्षा में दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया। हर वर्ष स्थानीय लोग उनकी पुण्यतिथि पर एकत्र होकर शहीद के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।
शहीद सुनील कुमार का जन्म 18 जनवरी 1964 को हुआ था। वे मोकामा के सकरवार टोला के निवासी थे और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में नायक के पद पर तैनात थे। ड्यूटी के दौरान 1 नवंबर 1997 को मणिपुर के सेनापति जिले में उग्रवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में उन्होंने अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया। देश की सुरक्षा के लिए लड़ते हुए उन्होंने अपने प्राणों की आहुति दे दी।

उनकी शहादत को 29 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन मोकामा के लोगों के दिलों में उनकी वीरता और बलिदान आज भी जीवित है। पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम के माध्यम से लोगों ने नई पीढ़ी को भी उनके साहस और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
रविशंकर की रिपोर्ट