पटना पुलिस को बड़ी कामयाबी: नदी थाना क्षेत्र से कुख्यात गुड्डू कुमार को किया गिरफ्तार

पटना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नदी थाना क्षेत्र के अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसके पास से हथियार भी बरामद किया है....

पटना पुलिस को बड़ी कामयाबी: नदी थाना क्षेत्र से कुख्यात गुड्
कुख्यात गुड्डू गिरफ्तार- फोटो : रजनीश

Patna : राजधानी पटना अंतर्गत फतुहा अनुमंडल के नदी थाना क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। दो अलग-अलग मामलों में लंबे समय से वांछित चल रहे एक कुख्यात अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को फतुहा एसडीपीओ-1 अवधेश कुमार ने बताया कि पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।


गुलमहियाचक रेलवे लाइन के पास बिछाया जाल, रंगे हाथों दबोचा गया आरोपी

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नदी थाना क्षेत्र के गुलमहियाचक गांव निवासी रंजीत पासवान के पुत्र गुड्डू कुमार के रूप में हुई है। एसडीपीओ अवधेश कुमार के अनुसार, गुड्डू कुमार नदी थाना के कांड संख्या 93/2026 और आर्म्स एक्ट से जुड़े कांड संख्या 94/2026 में काफी समय से फरार चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गुलमहियाचक रेलवे लाइन के समीप घेराबंदी कर उसे सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।


किराए के मकान में छापेमारी, अलमीरा के नीचे छिपा अवैध कट्टा और कारतूस बरामद

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने गुड्डू कुमार से कड़ी पूछताछ की, तो उसकी निशानदेही पर उसके किराए के मकान में छापेमारी की गई। कमरे में रखी एक अलमीरा के नीचे छिपाकर रखे गए झोले से एक अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। इसके अलावा अलमीरा में रखे टीन के डिब्बे से '8 mm KF' अंकित एक जिंदा कारतूस और एक खोखा भी जब्त किया गया। बरामद देशी कट्टे का बट लकड़ी का बना हुआ है।


पुराना आपराधिक इतिहास: लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले हैं दर्ज

एसडीपीओ ने खुलासा किया कि गिरफ्तार अपराधी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह वर्ष 2022 में धनरूआ थाना क्षेत्र में हुई एक लूट के मामले (कांड संख्या 06/2022) में भी नामजद आरोपी रह चुका है। हालिया हथियार और कारतूस की बरामदगी के संदर्भ में पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत नदी थाना कांड संख्या 290/2026 दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


पुलिस टीम में शामिल थे कई अधिकारी, मुस्तैदी से पाई सफलता

इस पूरी सफल छापेमारी कार्रवाई में पुलिस अधिकारियों और जवानों की सराहनीय भूमिका रही। छापेमारी दल में एसआई (SI) सद्दाम हुसैन, एसआई विवेक कुमार, एएसआई (ASI) जय किशोर चौधरी, एएसआई सुभाष कुमार और पीटीसी (PTC) राजेश कुमार के साथ-साथ नदी थाना के सशस्त्र एवं महिला बल के जवान मुख्य रूप से शामिल थे।


रजनीश की रिपोर्ट