बिहार की कानून-व्यवस्था पूरी तरह बदहाल, सत्ता संरक्षण में बेखौफ घूम रहे अपराधी : तेजस्वी यादव

Bihar Politics : नेता प्रतिक्ष तेजस्वी यादव ने प्रदेश की सम्राट सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को पूरी तरह फेल बताते हुए सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है....

बिहार की कानून-व्यवस्था पूरी तरह बदहाल, सत्ता संरक्षण में बे

Patna : बिहार विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर बेहद तीखा और चौतरफा हमला बोला है। सोमवार को जारी एक आधिकारिक प्रेस रिलीज के माध्यम से उन्होंने पूछा है कि बिहार में लगातार दम तोड़ती विधि-व्यवस्था और बढ़ते अपराध का असली दोषी कौन है? तेजस्वी ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून का राज पूरी तरह समाप्त हो चुका है और सरकार अपनी नाकामियों तथा बढ़ते जुर्म को कबूल करने को तैयार ही नहीं है।


एनसीआरबी के आंकड़ों का दिया हवाला

तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरने के लिए राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के आंकड़ों का विशेष रूप से हवाला दिया है। उन्होंने कहा कि एनसीआरबी के आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं कि बिहार अपराध के मामले में देश के शीर्ष राज्यों में शुमार हो चुका है। नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि विगत एक महीने के भीतर राज्य में बलात्कार, हत्या, लूट और चोरी की संगीन आपराधिक घटनाओं में रिकॉर्डतोड़ वृद्धि हुई है, जिससे आम जनता खुद को पूरी तरह असुरक्षित महसूस कर रही है।


सत्ता संरक्षित अपराधियों का बोलबाला

सरकार और शासन तंत्र पर गंभीर आरोप लगाते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बिहार में सरेराह और सरेआम सत्ता संरक्षित अपराधियों का बोलबाला है। इन बेखौफ अपराधियों द्वारा राज्य के व्यवसायियों, छात्रों, शिक्षकों, महिलाओं और आम नागरिकों को कहीं भी और कभी भी गोली मार दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है और वे बेखौफ होकर समाज में घूम रहे हैं, जिससे पूरे राज्य में दहशत का माहौल बन गया है।


पुलिस प्रशासन पर शराब तस्करी में व्यस्त रहने का आरोप

उन्होंने राज्य के कानून व्यवस्था तंत्र को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि सूबे में हर तरफ फायरिंग, छिनतई, राहगीरों से लूटपाट और दिनदहाड़े बैंक डकैती जैसी खौफनाक वारदातें आम हो चुकी हैं। लेकिन इस गंभीर स्थिति को संभालने के बजाय पुलिस प्रशासन का पूरा ध्यान कहीं और ही भटका हुआ है। उन्होंने सीधा आरोप मढ़ते हुए कहा कि बिहार की पुलिस कानून-व्यवस्था दुरुस्त करने के बजाय केवल शराब की तस्करी के खेल में ही व्यस्त और मस्त दिखाई दे रही है।


मुख्यमंत्री पर सिर्फ हेडलाइन मैनेजमेंट का आरोप

अंत में तेजस्वी यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि इस वक्त राज्य की चरमराई हुई कानून-व्यवस्था की परवाह शासन स्तर पर किसी को भी नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वास्तविक जमीनी हालातों को सुधारने और विधि-व्यवस्था को पटरी पर लाने को लेकर जरा भी गंभीर नहीं हैं। मुख्यमंत्री का पूरा ध्यान कानून-व्यवस्था को मजबूत करने पर नहीं, बल्कि मीडिया में सिर्फ 'हेडलाइन मैनेजमेंट' करने पर टिका हुआ है। इस प्रेस रिलीज के बाद राज्य की सियासत और ज्यादा गर्मा गई है।


रंजन कुमार की रिपोर्ट