वैशाली में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार बस ने अपने ही कंडक्टर को कुचला, मौके पर मौत, आक्रोशित लोगों ने रामाशीष चौक किया जाम

Bihar Road Accident : हाजीपुर के रामाशीष चौक पर आज एक दर्दनाक हादसा हुए। एक बस कंडक्टर की अपने की बस से कुचलकर मौत हो गई। घटना का कारण बस का तेज रफ्तार होना रहा.....

वैशाली में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार बस ने अपने ही कंडक्टर क
अपने ही बस की चपेट में आने से कंडक्टर की मौत- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत व्यस्ततम रामाशीष चौक के पास सोमवार की शाम करीब 4:00 बजे एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां एक तेज रफ्तार बस ने अपने ही कंडक्टर को बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद आसपास के स्थानीय लोगों और राहगीरों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने रामाशीष चौक को पूरी तरह जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना और यातायात थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।


यात्री बैठाने के दौरान चालक ने बढ़ा दी बस

घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, 'रोशन' नामक बस का कंडक्टर विनोद राय सोमवार को रोज की तरह रामाशीष चौक पर खड़ा होकर यात्रियों को बस में बैठाने के लिए आवाज लगा रहा था। इसी दौरान बस चालक ने लापरवाही और तेज रफ्तार में गाड़ी को आगे बढ़ा दिया, जिसकी चपेट में आने से विनोद राय पहिए के नीचे आ गया। विनोद को कुचलने के बाद चालक ने गाड़ी रोकी नहीं और मौके का फायदा उठाकर बस सहित घटनास्थल से फरार होने में सफल रहा।


आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजामपुलिस ने खुलवाया

हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। अपने ही साथी की मौत से आक्रोशित अन्य वाहन कर्मियों और स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्ग (रामाशीष चौक) पर शव को रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे चारों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंचे नगर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार और यातायात थानाध्यक्ष सुजीत कुमार झा ने दलबल के साथ आक्रोशित लोगों को उचित कानूनी कार्रवाई का भरोसा देकर समझा-बुझाकर जाम को समाप्त करवाया।


पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने के बाद तुरंत शव को अपने कब्जे में ले लिया। कागजी प्रक्रिया और पंचनामा तैयार करने के बाद पुलिस बल द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार बस चालक की पहचान की जा रही है और उसके खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने तथा गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


20 वर्षों से कर रहा था परिवार का भरण-पोषण

मृतक की पहचान लालगंज थाना क्षेत्र के सिसौली इतवारपुर पकड़ी गांव निवासी स्वर्गीय जगदीश राय के 45 वर्षीय पुत्र विनोद राय के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि विनोद राय पिछले 20 सालों से विभिन्न बसों में कंडक्टर का काम कर बेहद कठिनाई से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। मृतक तीन भाई और दो बहनों में से एक था। उसके पीछे अब दो लड़के और एक लड़की सहित पूरा हंसता-खेलता परिवार अनाथ हो गया है, जिसके कारण गांव और घर में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।


रिषभ की रिपोर्ट