Bihar Politics:पटना में पॉलिटिकल क्लाइमेक्स! नीतीश के राज्यसभा कूच पर ललन सिंह का बड़ा बयान, कहा-फैसला उनका, पार्टी उनकी
Bihar Politics: ललन सिंह ने साफ लहजे में कहा कि “मुख्यमंत्री जहां भी जाना चाहें, पार्टी उनकी बनाई हुई है। हमारे चाहने या न चाहने से कुछ नहीं होगा। फैसला उनका है....
Bihar Politics: बिहार की सियासत इस वक्त निर्णायक मोड़ पर खड़ी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा अब लगभग तय मानी जा रही है। खबर है कि वे आज विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं। इस खबर ने सत्ता के गलियारों में हलचल और बेचैनी दोनों बढ़ा दी है।
इसी बीच केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह पटना पहुंच गए हैं। उनके आगमन को सियासी समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है। मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने साफ लहजे में कहा कि “मुख्यमंत्री जहां भी जाना चाहें, पार्टी उनकी बनाई हुई है। हमारे चाहने या न चाहने से कुछ नहीं होगा। फैसला उनका है, उनसे ही प्रतिक्रिया ली जाए।”
ललन सिंह के इस बयान ने यह संकेत दे दिया कि जदयू के भीतर अंतिम मुहर नीतीश कुमार की ही चलेगी। उन्होंने कहा कि “नीतीश कुमार जी ने बिहार में जो करके दिखाया है, वह कोई कल्पना नहीं कर सकता। उन्होंने बिहार को बनाकर दिखाया है, इसलिए यह फैसला भी उन्हीं का होगा।”
यह बयान ऐसे समय आया है जब नामांकन की घड़ी करीब है और सियासी कयास अपने चरम पर हैं। एक ओर भाजपा खेमे में हलचल है, दूसरी ओर जदयू के भीतर भावनात्मक उबाल भी देखा जा रहा है।
अब सबकी निगाहें विधानसभा की ओर हैं। क्या आज एक युग का औपचारिक समापन होगा और नई राजनीतिक पटकथा लिखी जाएगी? या फिर आखिरी वक्त में कोई नया मोड़ सामने आएगा?
पटना की फिज़ा में इंतजार, बेचैनी और सियासी सरगर्मी तीनों साथ-साथ चल रहे हैं। आने वाले कुछ घंटे बिहार की राजनीति की दिशा तय कर सकते हैं।
रिपोर्ट- रंजीत कुमार