सदाकत आश्रम पहुंचा भागलपुर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा का पार्थिव शरीर, कांग्रेस नेताओं ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई
Patna : कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और भागलपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा के निधन से राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है। आज शनिवार को उनका पार्थिव शरीर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम लाया गया, जहां पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम सहित तमाम दिग्गज नेताओं ने उनके पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस शोकपूर्ण अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने प्रवीण सिंह कुशवाहा को एक समर्पित और जुझारू नेता बताया। उन्होंने कहा कि स्व. कुशवाहा ने अपना पूरा जीवन संगठन की मजबूती और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया था। उनका असमय जाना कांग्रेस परिवार के लिए एक ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई करना निकट भविष्य में संभव नहीं होगा।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने राहुल गांधी द्वारा भेजा गया शोक संदेश भी पढ़कर सुनाया। राहुल गांधी ने अपने संदेश में कुशवाहा के योगदान को याद करते हुए उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। सदाकत आश्रम में मौजूद पार्टी पदाधिकारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए मौन रखा और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
श्रद्धांजलि देने वालों में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा, पूर्व मंत्री कृपानाथ पाठक, विधायक सुरेंद्र कुशवाहा, राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी और मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़ सहित दर्जनों वरिष्ठ नेता शामिल थे। राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर विभिन्न दलों के नेताओं ने सदाकत आश्रम पहुँचकर उनके व्यक्तित्व को याद किया। इस दौरान पूरा परिसर "प्रवीण सिंह अमर रहें" के नारों से गूंज उठा।
परिजनों के अनुसार, प्रवीण सिंह कुशवाहा का पार्थिव शरीर उनके पैतृक जिले भागलपुर ले जाया जाएगा। कल यानी रविवार सुबह 10 बजे उनके पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके अंतिम दर्शन के लिए पटना से लेकर भागलपुर तक भारी संख्या में समर्थकों और शुभचिंतकों के जुटने की संभावना है।
नरोत्तम की रिपोर्ट