21 जून को पटना में JDU की बड़ी बैठक, निशांत कुमार को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

JDU National Council Meeting
JDU National Council Meeting- फोटो : news4nation

JDU : जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि 21 जून को पटना स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में काफी उत्साह है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले सभी प्रतिनिधियों का बिहार की धरती पर स्वागत है।


उमेश कुशवाहा ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन और उनकी अध्यक्षता में राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषद की बैठक होगी, जिसमें पार्टी की आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। बैठक में पार्टी के सभी सांसद, विधायक और विधान पार्षद (एमएलसी) शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक की जाएगी।


प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि कार्यक्रम के तहत सुबह 10:30 बजे राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक होगी, जबकि 11:30 बजे लंच का आयोजन किया गया है। इसके बाद दोपहर 3 बजे से राष्ट्रीय परिषद की बैठक शुरू होगी।


इस दौरान उमेश कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता चाहता है कि निशांत कुमार आगे आएं और संगठन की जिम्मेदारी संभालें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की भावना है कि निशांत कुमार सक्रिय राजनीति में भूमिका निभाते हुए पार्टी को मजबूत करने का काम करें।