Bihar News : वैशाली में कुख्यात अपराधी सर्वेश चौधरी ने पुलिस को दी 'बिकरू कांड' दोहराने की धमकी, CM पर भी की अभद्र टिप्पणी

Bihar News : बिहार के वैशाली जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब एक कुख्यात अपराधी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पुलिस और सरकार को खुली चुनौती दे डाली।

Bihar News : वैशाली में कुख्यात अपराधी सर्वेश चौधरी ने पुलिस
अपराधी ने दी खुली चुनौती - फोटो : RISHABH

Vaishali : वैशाली में एक कुख्यात अपराधी द्वारा सोशल मीडिया पर पुलिस और सरकार को खुली चुनौती दिए जाने के बाद हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में अपराधी ने उत्तर प्रदेश के चर्चित बिकरू कांड जैसी घटना को अंजाम देने की धमकी दी है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमा अलर्ट मोड में है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। एक बार फिर अपराधियों के बढ़ते मनोबल ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। हालाँकि News4nation इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। 

दरअसल जिले के कुख्यात अपराधी सर्वेश चौधरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में वह पुलिस और सरकार को खुली चुनौती देते हुए बिकरू कांड जैसी घटना को अंजाम देने की धमकी देता दिखाई दे रहा है। इतना ही नहीं, वीडियो में आरोपी द्वारा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने की बात सामने आई है। वीडियो वायरल होते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी गई।

मिली जानकारी के मुताबिक सर्वेश चौधरी कोई नया नाम नहीं है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ लूट, हत्या, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। बताया जाता है कि इससे पहले भी वह पुलिस टीम पर फायरिंग की घटना में शामिल रहा है। यही वजह है कि वायरल वीडियो के बाद सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही हैं। 

वैशाली के पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग के निर्देश पर बेलसर थाना पुलिस और अन्य पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल वायरल वीडियो ने जिले में सनसनी फैला दी है। अब सबकी नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है कि खुलेआम चुनौती देने वाले इस कुख्यात अपराधी को कब तक कानून के शिकंजे में लाया जाता है। 

ऋषभ की रिपोर्ट