Bihar News : मोकामा में होमगार्ड जवान ने पेश की बहादुरी की मिसाल, गंगा में डूब रही महिला को जान पर खेलकर बचाया
Bihar News : मोकामा स्थित तपस्वी गंगा घाट पर तेज धार में बह रही जम्मू निवासी एक महिला को होमगार्ड जवान विकास कुमार ने अपनी जान पर खेलकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया......पढ़िए आगे
PATNA : मोकामा स्थित तपस्वी गंगा घाट पर दोपहर के समय एक बड़ा हादसा होने से टल गया। गंगा नदी की तेज धार में बह रही जम्मू निवासी एक महिला को ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान विकास कुमार ने अपनी जान पर खेलकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जवान की इस अदम्य बहादुरी और त्वरित सूझबूझ से महिला की जान बच सकी।
मिली जानकारी के अनुसार, जम्मू की रहने वाली महिला तपस्वी गंगा घाट पर स्नान कर रही थी। स्नान करने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी व नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गई। महिला को पानी में बहता देख और डूबते देख घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
इसी दौरान इलाके में मोटरसाइकिल से गश्ती कर रहे होमगार्ड जवान विकास कुमार की नजर उफनती गंगा में डूबती महिला पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जवान ने एक पल की भी देरी नहीं की। उन्होंने तुरंत अपना मोबाइल फोन अपने साथी जवान को थमाया और बिना अपनी वर्दी उतारे ही सीधे उफनती गंगा नदी में छलांग लगा दी।
भारी वर्दी पहने होने और नदी की तेज धार के बावजूद विकास कुमार ने हार नहीं मानी। कड़ी मशक्कत करते हुए वे तैरकर डूबती हुई महिला तक पहुंचे और उसे मजबूती से पकड़कर सुरक्षित किनारे तक ले आए। जवान की इस त्वरित कार्रवाई से महिला की जान समय रहते बचा ली गई। महिला के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और प्रत्यक्षदर्शियों ने राहत की सांस ली। होमगार्ड जवान विकास कुमार द्वारा दिखाई गई इस मिसाली जांबाजी और साहस की अब पूरे इलाके में जमकर तारीफ और चर्चा हो रही है।
विकास की रिपोर्ट