भ्रामक प्रचार वाले हेल्थ सप्लीमेंट्स स्वास्थ्य के लिए गंभीर जोखिम, लिवर फेल्योर तक का खतरा : डॉ. दिवाकर तेजस्वी

‘पहल’ के चिकित्सा निदेशक एवं प्रख्यात वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. दिवाकर तेजस्वी ने लोगों को भ्रामक प्रचार वाले हेल्थ सप्लीमेंट्स से दूर रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि बाजार मे कई ऐसे हेल्थ सप्लीमेंटस बिक रहे है जिससे लिवर फेल्योर का खतरा बढ़ रहा है

भ्रामक प्रचार वाले हेल्थ सप्लीमेंट्स स्वास्थ्य के लिए गंभीर
डॉ. दिवाकर तेजस्वी की लोगों को सलाह- फोटो : रोहित

Patna : राजधानी पटना के एग्जीबिशन रोड स्थित नेमा प्लेस में पब्लिक अवेयरनेस फॉर हेल्थफुल अप्रोच फॉर लिविंग (पहल) के तत्वावधान में शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को एक निःशुल्क फाइब्रोस्कैन शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ‘पहल’ के चिकित्सा निदेशक एवं प्रख्यात वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. दिवाकर तेजस्वी ने लोगों को संबोधित करते हुए चेतावनी दी कि सोशल मीडिया और इंटरनेट पर लिवर को स्वस्थ रखने के नाम पर प्रचारित किए जा रहे अप्रमाणित हेल्थ सप्लीमेंट्स, हर्बल उत्पादों और घरेलू नुस्खों का बिना चिकित्सकीय सलाह सेवन करना लिवर की सेहत के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।


सोशल मीडिया के भ्रामक दावों से बचने की सलाह, लिवर फेल्योर तक का खतरा

डॉ. दिवाकर तेजस्वी ने विस्तार से बताया कि आजकल सोशल मीडिया पर कई उत्पादों को ‘लिवर डिटॉक्स’, ‘लिवर क्लीनिंग’, ‘100 प्रतिशत प्राकृतिक’ और ‘बिना किसी दुष्प्रभाव’ जैसे आकर्षक दावों के साथ बेचा जा रहा है। वजन घटाने, बॉडीबिल्डिंग, मांसपेशियां बढ़ाने और लिवर की सफाई के नाम पर बिकने वाले इन अनियंत्रित सप्लीमेंट्स के सेवन से लिवर में सूजन और कुछ गंभीर मामलों में लिवर फेल्योर तक की स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने अमेरिकी वैज्ञानिक मार्गदर्शिका का हवाला देते हुए कहा कि हर्बल और डाइटरी सप्लीमेंट्स से होने वाली लिवर इंजरी आज एक महत्वपूर्ण चिकित्सकीय समस्या बन चुकी है।


शिविर में 35 लोगों की हुई लिवर संबंधी जांच

इस निःशुल्क फाइब्रोस्कैन शिविर के दौरान कुल 35 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा उन्हें लिवर सुरक्षा और हेपेटाइटिस-बी से बचाव के लिए टीकाकरण कराने की महत्वपूर्ण सलाह दी गई। डॉ. तेजस्वी ने स्पष्ट किया कि लिवर की बीमारियां शुरुआती दौर में अक्सर बिना किसी स्पष्ट लक्षण के बढ़ती हैं, इसलिए समय रहते जांच और वैज्ञानिक तरीकों से ही इसका बचाव संभव है।


लिवर को स्वस्थ रखने के लिए डॉ. दिवाकर तेजस्वी के प्रमुख सुझाव:

  • सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले ‘लिवर डिटॉक्स’ और चमत्कारी इलाज के भ्रामक विज्ञापनों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें।
  • किसी भी प्रकार की हर्बल दवाओं, हेल्थ सप्लीमेंट्स, प्रोटीन पाउडर या वेट लॉस प्रोडक्ट्स का सेवन डॉक्टर की सलाह के बिना बिल्कुल न करें।
  • अपने खानपान में संतुलित आहार, ताजे फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज और पर्याप्त प्रोटीन को शामिल करें।
  • नियमित रूप से शारीरिक व्यायाम करें और अपने शरीर के वजन को नियंत्रित रखें।
  • शराब के सेवन से पूरी तरह परहेज करना लिवर के स्वास्थ्य के लिए सबसे सुरक्षित विकल्प है।
  • मधुमेह (डाइबिटीज), मोटापा और बढ़े हुए कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रण में रखें, क्योंकि ये फैटी लिवर की मुख्य वजह बनते हैं।
  • हेपेटाइटिस-बी का टीका अवश्य लगवाएं और जरूरत पड़ने पर हेपेटाइटिस-बी व सी की जांच करवाएं।
  • किसी भी प्रकार का जोखिम या लक्षण महसूस होने पर चिकित्सक के परामर्श से LFT तथा आवश्यकतानुसार अल्ट्रासाउंड या फाइब्रोस्कैन जांच कराएं।


रोहित की रिपोर्ट