बिहार में गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा का विस्तार: नए निजी संस्थानों के लिए बापू टावर में तीन दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम शुरू

बिहार में गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा के विस्तार और निजी क्षेत्र की भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पटना के बापू टावर में तीन दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम शुरू किया गया है। गुरुवार को स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने इसका शुभारंभ किया.....

बिहार में गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा का विस्तार: नए निजी स
गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा के विस्तार के लिए तीन दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम- फोटो : प्रिय दर्शन

Patna : बिहार में गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा के विस्तार और निजी क्षेत्र की भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बिहार नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल (BNRC) के वेब पोर्टल के माध्यम से मान्यता हेतु आवेदन प्रक्रिया पर एक विशेष अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 08, 10 और 12 अक्टूबर 2026 को पटना के ऐतिहासिक बापू टावर में आयोजित हो रहा है। इसमें नए निजी नर्सिंग स्कूल एवं कॉलेजों के प्रबंधन प्रतिनिधियों को पोर्टल पर आवेदन, आवश्यक मानकों और अनुपालन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।


नए नर्सिंग संस्थानों की स्थापना के लिए मिले 556 आवेदन

राज्य में वर्तमान में निजी क्षेत्र द्वारा कुल 383 नर्सिंग स्कूल व कॉलेजों का सफल संचालन किया जा रहा है। 1 से 31 अगस्त तक खुले BNRC पोर्टल पर नए नर्सिंग संस्थानों की स्थापना के लिए कुल 556 नए संस्थानों ने अपने आवेदन समर्पित किए हैं।


'आप राज्य के महत्वपूर्ण निवेशक, प्रक्रिया को सुगम बनाना हमारा लक्ष्य' : स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने कहा कि निजी क्षेत्र के प्रतिनिधि राज्य के महत्वपूर्ण निवेशक हैं। स्वास्थ्य विभाग की भूमिका प्रक्रिया को पारदर्शी व सुगम बनाना तथा मार्गदर्शन प्रदान करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी संस्थानों को इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) द्वारा निर्धारित मानकों, आधारभूत संरचना, पर्याप्त फैकल्टी, आधुनिक प्रयोगशाला, पुस्तकालय, क्लिनिकल प्रशिक्षण और सुरक्षा हेतु CCTV कैमरों की प्रभावी स्थापना जैसे नियमों का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य होगा।


वरिष्ठ अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

इस अभिमुखीकरण कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव डॉ. त्यागराजन एस. एम., अपर सचिव मृणायक दास सहित स्वास्थ्य विभाग एवं BNRC के कई अन्य वरीय पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


प्रिय दर्शन की रिपोर्ट