शिक्षा मंत्री ने सीएम द्वारा मेधावी छात्रों के सम्मान की पहल का किया स्वागत, बाढ़ राहत पर तेजस्वी यादव के पत्र पर विपक्ष को घेरा

बिहार के सीएम सम्राट चौधरी द्वारा बुधवार को प्रदेश के मेघावी छात्रों और उनके परिजनों को अपने आवास पर आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। सीएम की इस पहल का शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सराहना करते हुए एक बड़ी पहल बताया है...

शिक्षा मंत्री ने सीएम द्वारा मेधावी छात्रों के सम्मान की पहल
शिक्षा मंत्री ने सीएम द्वारा मेधावी छात्रों के सम्मान की पहल का किया स्वागत- फोटो : अभिजीत

Patna : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा मेधावी विद्यार्थियों और उनके परिजनों को मुख्यमंत्री आवास पर आमंत्रित कर सम्मानित करने के कदम की शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सराहना की है। उन्होंने सीएम की इस पहल को युवाओं का मनोबल बढ़ाने वाला और राज्य में 'शिक्षा का नया सूर्योदय' करार दिया। कहा कि इससे न केवल प्रतिभावान छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ेगा, बल्कि अन्य युवाओं को भी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।


बाढ़ की स्थिति पर नियंत्रण और राहत कार्य जारी 

शिक्षा मंत्री ने राज्य में बाढ़ की वर्तमान स्थिति को लेकर स्पष्ट किया कि सरकार पूरे हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। बाढ़ से प्रभावित नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ-साथ उनके लिए राहत सामग्री और मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उनके द्वारा उम्मीद जताई गई कि प्रशासनिक तत्परता और जारी राहत अभियानों से आगामी कुछ ही दिनों में स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।


तेजस्वी यादव के पत्र पर बोला तीखा हमला 

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा बिहार में बाढ़ को लेकर प्रधानमंत्री को लिखे गए पत्र पर मंत्री मिथिलेश तिवारी ने करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि केवल चिट्ठी लिखने से बाढ़ पीड़ितों को मदद नहीं मिलने वाली है। तेजस्वी यादव को पत्र राजनीति करने के बजाय अपने विधानसभा क्षेत्र राघोपुर और अन्य बाढ़ प्रभावित इलाकों में 'ग्राउंड जीरो' पर जाकर खुद पीड़ितों से मिलना चाहिए।


राहुल गांधी और तेजस्वी पर 'राजनीतिक पर्यटन' का आरोप 

विपक्ष के शीर्ष नेताओं पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की कार्यशैली पर कड़ा ऐतराज जताया। दोनों नेताओं पर जनसमस्याओं को लेकर अगंभीर होने का आरोप लगाते हुए कहा कि संकट के समय ये नेता केवल 'राजनीतिक पर्यटन' करते हैं। जनहित और आपदा के मुद्दों पर सोशल मीडिया व पत्राचार के जरिए केवल राजनीति चमकाने की कोशिश की जाती है।


नागरिकों की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध 

शिक्षा मंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। प्रशासनिक अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का लक्ष्य स्पष्ट है कि एक तरफ जहाँ राज्य के प्रतिभावान युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए जाएं, वहीं दूसरी तरफ बाढ़ पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देकर सुरक्षा प्रदान की जाए।

अभिजीत की रिपोर्ट