LPG price hike: घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में बड़ा इज़ाफा, आम आदमी की जेब पर पड़ेगा सीधा असर, नया रेट जान लीजिए

LPG price hike: आज यानी 7 मार्च से घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी गई है।...

Domestic LPG Prices Hiked Direct Blow to Across Indian House
घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में बड़ा इज़ाफा- फोटो : social Media

LPG price hike: देश भर में महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों के लिए एक और झटका सामने आया है। आज यानी 7 मार्च से घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। सरकार की नई दरों के मुताबिक 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये का इज़ाफा किया गया है। वहीं, 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी 115 रुपये की वृद्धि कर दी गई है। इस फैसले के बाद जहां घर की रसोई का बजट बिगड़ने की आशंका है, वहीं होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारी भी इसकी चपेट में आ गए हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गई है। यानी अब लोगों को हर सिलेंडर पर 60 रुपये ज्यादा खर्च करने होंगे। आर्थिक राजधानी मुंबई में भी यही हाल है, जहां पहले 852.50 रुपये में मिलने वाला घरेलू गैस सिलेंडर अब 912.50 रुपये में मिलेगा।

नई दरें आज यानी 7 मार्च से ही लागू कर दी गई हैं, जिससे उपभोक्ताओं को तुरंत असर महसूस होगा।

सिर्फ घरेलू उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि व्यावसायिक क्षेत्र भी इस बढ़ोतरी से अछूता नहीं रहा है। 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भी भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर अब 1768.50 रुपये से बढ़कर 1883 रुपये का हो गया है।

मुंबई में इसकी कीमत 1720.50 रुपये से बढ़कर 1835 रुपये हो गई है, जबकि कोलकाता में यह 1875.50 रुपये से बढ़कर 1990 रुपये पहुंच गई है। चेन्नई में भी कमर्शियल सिलेंडर अब 1929 रुपये की जगह 2043.50 रुपये में मिलेगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा होने से होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट के खाने-पीने की चीजों की कीमतों में भी इज़ाफा हो सकता है। यानी यह बढ़ोतरी सिर्फ गैस तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और बजट पर भी इसका असर साफ दिखाई दे सकता है।