Bihar Politics: सरकार नई है लेकिन, उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी का बड़ा बयान, फ्लोर टेस्ट को लेकर क्या कहा जानिए
Bihar Politics: विजय चौधरी ने नई सरकार के विश्वास मत को लेकर भरोसा जताते हुए कहा कि यह सरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व और मार्गदर्शन में विकास के उसी रास्ते पर आगे बढ़ेगी, जिस पर जनता ने पिछले 20 वर्षों में भरोसा जताया है।
Bihar Politics: उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने जदयू कार्यालय में प्रेस कॉफ्रेंस कर राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर विस्तार से अपनी बात रखी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में बनी नई सरकार जल्द ही विधानसभा में विश्वास मत हासिल करेगी और उन्हें पूरा भरोसा है कि सरकार मजबूती से बहुमत साबित करेगी।
नीतीश के आशीर्वाद से होगा कार्य
उन्होंने कहा कि यह सरकार नीतीश कुमार के आशीर्वाद से बनी है और उनके कार्यों को आगे बढ़ाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि, सरकार नई है...लेकिन इसका रास्ता वही रहेगा। विजय चौधरी ने तेजस्वी यादव के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें राज्य के खजाने को लेकर सवाल उठाए गए थे। उन्होंने कहा कि बिहार की वित्तीय स्थिति पहले कभी वैसी नहीं रही जैसी पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान थी और विपक्ष को अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए।
मंत्रिमंडल विस्तार का संकेत
उन्होंने बताया कि विश्वास मत के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा और नई सरकार अपने एजेंडे पर तेजी से काम करेगी। राज्य में जमीन खरीद-बिक्री पर रोक को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे बिहार में ऐसा कोई प्रतिबंध नहीं है। केवल कुछ चुनिंदा इलाकों में जहां विशेष विकास योजनाएं चल रही हैं वहां अस्थायी रोक लगाई गई है।
निशांत कुमार की यात्रा पर प्रतिक्रिया
निशांत कुमार की प्रस्तावित बिहार यात्रा पर उन्होंने कहा कि यह सकारात्मक पहल है। इससे वे जनता और कार्यकर्ताओं से जुड़ेंगे और संगठन को मजबूत करने में मदद मिलेगी। शराबबंदी को लेकर उठ रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि कुछ नेताओं की व्यक्तिगत राय से कानून पर सवाल नहीं उठता। उन्होंने याद दिलाया कि विधानसभा में सभी दलों ने इस कानून का समर्थन किया था।
बंगाल हिंसा पर टिप्पणी
पश्चिम बंगाल में चुनावी हिंसा को लेकर उन्होंने अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव से पहले और दौरान होने वाली हिंसा के लिए वहीं जिम्मेदार है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जेडीयू नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि नई सरकार राजनीतिक स्थिरता और विकास के एजेंडे के साथ आगे बढ़ेगी।
पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट