Patna Ring Road: पटना रिंग रोड पर आया बड़ा अपडेट! अगले महीने से शुरू होगा काम, मिनटों में तय होगा घंटों का सफर
Patna Ring Road: रामनगर से कच्ची दरगाह के बीच बनने वाली 14.5 किमी लंबी छह लेन सड़क का निर्माण अगले महीने से शुरू होगा, क्योंकि जमीन अधिग्रहण और मुआवजे से जुड़ा विवाद अब सुलझ चुका है।
Patna Ring Road: राजधानी पटना के यातायात ढांचे को मजबूत करने वाली बड़ी परियोजना पटना रिंग रोड के एक अहम हिस्से पर काम जल्द शुरू होने जा रहा है। रामनगर से कच्ची दरगाह के बीच 14.5 किलोमीटर लंबी छह लेन सड़क का निर्माण अगले महीने यानी मई से शुरू होगा। परियोजना को लेकर पिछले एक साल से चल रहा जमीन अधिग्रहण और मुआवजा विवाद अब सुलझ गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने किसानों के लिए बढ़ी हुई मुआवजा राशि को मंजूरी दे दी है, जिससे निर्माण की राह में आ रही सभी बाधाएं दूर हो गई हैं।
मुआवजा विवाद सुलझने के बाद मिली गति
जानकारी के अनुसार, किसान तय मुआवजे से अधिक राशि की मांग कर रहे थे। कई दौर की बातचीत के बाद मुआवजे में बढ़ोतरी पर सहमति बनी, जिस पर एनएचएआई ने अंतिम मुहर लगा दी है। अब दिल्ली मुख्यालय से औपचारिक स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
परियोजना की अहमियत
यह सड़क आमस-दरभंगा एनएच-119डी परियोजना का हिस्सा है, जो बिहार के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। रामनगर से कच्ची दरगाह तक सड़क बनने से आमस से बेला-नवादा तक का मार्ग जुड़ जाएगा। साथ ही बंगाल, झारखंड और पूर्वोत्तर राज्यों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इस परियोजना के लिए करीब 80 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की जानी है। पहले निर्माण पर 465 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी थी, लेकिन मुआवजा बढ़ने से लागत में भी वृद्धि होने की संभावना है।
दीघा-पाटलिपुत्र नहर रोड पर ट्रैफिक अलर्ट
इधर दीघा-पाटलिपुत्र नहर रोड पर चल रहे निर्माण कार्य को देखते हुए यातायात पुलिस ने तेज गति से वाहन चलाने पर रोक लगा दी है। कई स्थानों पर खुदाई और मलबा होने के कारण सड़क संकरी हो गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस मार्ग पर ओवरटेक न करें और धीमी गति से वाहन चलाएं, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।