पटना पुलिस की कार्रवाई: फुलवारीशरीफ में जीजा-साला का बाइक चोर गिरोह पकड़ा गया, 9 गाड़ियां बरामद

: पटना के फुलवारीशरीफ में पुलिस ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया। जीजा-साला समेत 4 गिरफ्तार, 9 चोरी की बाइकें बरामद। मास्टरमाइंड पर दर्ज हैं 20 केस।

Patna Police recovered 9 stolen bikes in Phulwarisharif
फुलवारीशरीफ में जीजा-साला का बाइक चोर गिरोह पकड़ा गया- फोटो : news 4 nation

पटना जिले के  फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल चोरी की घटना प्रतिवेदित होने के बाद पुलिस महकमा सक्रिय हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना के निर्देशन में और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1, फुलवारीशरीफ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान, मानवीय इनपुट और सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण के आधार पर गिरोह की पहचान की।


जीजा-साला मिलकर चला रहे थे अंतरराज्यीय गिरोह

पटना पश्चिमी एसपी के अनुसार, इस गिरोह का संचालन जीजा और साला मिलकर कर रहे थे। मास्टरमाइंड जीजा, जिसकी पहचान मो० अरशद उर्फ शादाब उर्फ 'अरशद डी' के रूप में हुई है, अपने साले के साथ मिलकर फुलवारीशरीफ और आसपास के इलाकों में सक्रिय था। पुलिस ने इस गिरोह के कुल चार सदस्यों—मो० अरशद, मो० शहीद, मो० नौशाद और मो० आमिर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

भारी मात्रा में बरामदगी और बिक्री का तरीका

पुलिस की कार्रवाई के दौरान गिरोह के पास से चोरी के कुल 09 वाहन (मोटरसाइकिल) बरामद किए गए हैं। शुरुआत में तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बाद 02 बाइकें मिलीं, फिर मास्टरमाइंड अरशद की गिरफ्तारी के बाद उसके पास से 01 और अंत में उसके साले के घर से 06 अन्य बाइकें बरामद की गईं। पूछताछ में पता चला कि यह गिरोह चोरी की बाइकों को मात्र 7,000 से 9,000 रुपये में बेच दिया करता था।


अभियुक्तों का पुराना आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार किए गए अपराधियों में से दो का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। गिरोह का सरगना मो० अरशद एक कुख्यात अपराधी है, जिसके विरुद्ध विभिन्न थानों में 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, एक अन्य अभियुक्त मो० नौशाद भी कई संगीन मामलों में आरोपित है। इस गिरोह के पकड़े जाने से इलाके में बाइक चोरी की वारदातों पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

रिपोर्ट - अनिल कुमार