छात्र व जनहित के मुद्दों को लेकर पटना में कांग्रेस, NSUI और जाप का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को किया डिटेन

विभिन्न छात्र व जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस, NSUI और जाप ने पटना में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में जाप सुप्रीमो पप्पू यादव, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम सहित कई प्रमुख नेता शामिल हुए.....

छात्र व जनहित के मुद्दों को लेकर पटना में कांग्रेस, NSUI और
पटना में कांग्रेस, NSUI और जाप का जोरदार प्रदर्शन- फोटो : अनिल कुमार

Patna : विभिन्न छात्र व जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस, NSUI और जनाधिकार पार्टी (जाप) के कार्यकर्ताओं ने पटना के आयकर (इंकमटैक्स) गोलंबर पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में जाप सुप्रीमो पप्पू यादव सहित कई प्रमुख नेता शामिल हुए। सभी कार्यकर्ता सीवान में एके-47 की गोली से घायल छात्र के परिजनों को मुआवजे और नई शिक्षा नीति में बदलाव सहित कई मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए निकले थे।


पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम को किया डिटेन

प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय गर्म हो गया जब पुलिस ने आगे बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम को हिरासत में (डिटेन) ले लिया। हालांकि, बाद में उन्हें कानूनी प्रक्रियाओं के तहत पीआर बॉन्ड (PR Bond) पर रिहा कर दिया गया।


राजेश राम से मिलने पहुंचे कन्हैया कुमार

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के हिरासत में लिए जाने की सूचना मिलते ही कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार उनसे मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पुलिसिया कार्रवाई की निंदा की और संगठन के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के साथ एकजुटता जाहिर की।


कन्हैया कुमार का बिहार सरकार पर तीखा हमला

मुलाकात के बाद कन्हैया कुमार ने बिहार सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने राज्य सरकार की नीतियों और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए सीवान घटना के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों और विपक्ष की जायज आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।


पीड़ित छात्र के लिए मुआवजा और न्याय की मांग तेज

प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि सीवान में गोलीबारी के शिकार हुए छात्र को उचित मुआवजा देने, राज्य की शिक्षा व्यवस्था में सुधार करने और छात्र-युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। इस पूरे घटनाक्रम के बाद राजधानी पटना में राजनीतिक बयानबाजी काफी तेज हो गई है।

अनिल की रिपोर्ट