गौरव राय की पहल से 15 महिलाओं को मिली सिलाई मशीन स्वरोजगार अभियान के तहत अब तक 340 मशीनों का वितरण
पटना के गौरव राय द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वाबलंबी बनाने की पहल के तहत 15 जरूरतमंद भूमिहार महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित की गईं
Bihar News : सामाजिक कार्यकर्ता गौरव राय के स्वरोजगार अभियान के तहत मंगलवार को पटना के बिग्रहपुर में 15 जरूरतमंद भूमिहार महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित की गईं। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ना है। कार्यक्रम में बिहार सरकार के पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ समाज के वरिष्ठ सदस्य राजकुमार सिंह, सुजीत कुमार, भूमिहार महिला समाज की संस्थापक प्रीति प्रिया, अनीता, संगीता कुमारी और इंदुबाला सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत गौरव राय ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र देकर स्वागत कर की।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा ने गौरव राय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह अभियान प्रेरणादायी है। उन्होंने महिलाओं से सिलाई मशीन का उपयोग कर स्वरोजगार अपनाने और अपने परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की अपील की। साथ ही समाज के लोगों से भी इस अभियान से जुड़कर सहयोग करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का संचालन भूमिहार महिला समाज की संस्थापक प्रीति प्रिया ने किया। उन्होंने कहा कि गौरव राय का इस अभियान में लगातार सहयोग मिलता रहा है और भविष्य में भी उनके मार्गदर्शन व समर्थन की उम्मीद है। उन्होंने जरूरतमंद महिलाओं की पहचान कर उन्हें कार्यक्रम तक पहुंचाने में अनीता के योगदान की भी सराहना की।
बिना किसी NGO के सहयोग के अभियान
गौरव राय ने बताया कि उन्होंने अपने परिवार, मित्रों और सोशल मीडिया के सहयोग से इस अभियान के लिए 25 नई सिलाई मशीनों की व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि बिना किसी गैर-सरकारी संगठन (NGO) के सहयोग के यह अभियान पूरी तरह सामाजिक सहयोग से संचालित किया जा रहा है। उनका उद्देश्य जरूरतमंद महिलाओं को रोजगार का साधन उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
340 सिलाई मशीनों का वितरण
उन्होंने बताया कि अब तक इस अभियान के तहत पूरे बिहार में 340 सिलाई मशीनों का वितरण किया जा चुका है। हालांकि यह संख्या अभी कम है, लेकिन अभियान का दायरा लगातार बढ़ रहा है और समाज के सहयोग से आने वाले दिनों में इसे और गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही 25 और सिलाई मशीनों का वितरण किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में अन्नू देवी, शुचि कुमारी, किरण कुमारी, पिंकी कुमारी, अर्चना देवी, सोनी कुमारी, शिवानी कुमारी, प्रीति कुमारी, ललिता देवी, मुन्नी देवी, पूनम देवी, रौशनी कुमारी, रेखा देवी, तन्नू देवी और डॉली देवी को सिलाई मशीनें प्रदान की गईं। लाभार्थी महिलाएं पटना, फुलवारीशरीफ, बाढ़, लखीसराय, समस्तीपुर, वैशाली, बेगूसराय, औरंगाबाद तथा मुजफ्फरपुर समेत बिहार के विभिन्न जिलों से थीं।
पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा ने सभी सहयोगियों और दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज को सशक्त बनाने के लिए ऐसे प्रयासों में हर व्यक्ति को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। वहीं प्रीति प्रिया ने भी सभी सहयोगकर्ताओं और दानदाताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।
वंदना की रिपोर्ट