बीजेपी के अतिपिछड़ा सम्मेलन में बोले सीएम सम्राट : मैं 36% अतिपिछड़ों का अंगरक्षक, गड़बड़ी करने वाले जाएंगे जेल

भाजपा द्वारा आयोजित अति पिछड़ा समाज सम्मेलन में सीएम सम्राट चौधरी और मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने विपक्ष पर करारा हमला बोलते हुए लोकसभा चुनाव के बाद एक बार फिर अतिपिछड़ा वोट बैंक को एकजुट करने का हुंकार भरा..

बीजेपी के अतिपिछड़ा सम्मेलन में बोले सीएम सम्राट : मैं 36% अ
बीजेपी के अतिपिछड़ा सम्मेलन में सीएम सम्राट का बड़ा बयान- फोटो : वंदना शर्मा

Patna : भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) द्वारा आयोजित अति पिछड़ा समाज कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला और अतिपिछड़ा समाज के विकास के लिए एनडीए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने 'कर्पूरी ठाकुर अमर रहे' के नारों के साथ अपना भाषण शुरू किया। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि जब तक आपका भाई सम्राट चौधरी यहां है, तब तक कोई माई का लाल अतिपिछड़ों का कुछ नहीं बिगाड़ सकता। उन्होंने खुद को राज्य के 36 प्रतिशत अतिपिछड़ों का अंगरक्षक बताते हुए भरोसा दिया कि वह हर हाल में बिहार को अपराध मुक्त बनाएंगे और अपराधियों के खिलाफ सफाई अभियान जारी रहेगा।


नीट परीक्षा पर बोले सम्राट- तीन दिन से सोया नहीं, पेपर लीक माफिया को चुन-चुनकर भेजेंगे जेल

सीएम ने हाल ही में आयोजित नीट (NEET) परीक्षा और पेपर लीक के विवादों पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि परीक्षा बेहतर तरीके से संपन्न हुई है। इस मामले में सरकार की मुस्तैदी का जिक्र करते हुए उन्होंने भावुक लहजे में कहा कि वह इस गड़बड़ी को ठीक करने के लिए पिछले तीन दिनों से सोए नहीं हैं। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि परीक्षा व्यवस्था में सेंधमारी और गड़बड़ी करने वाले एक-एक दोषी को चुन-चुनकर सलाखों के पीछे बंद कर दिया गया है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।


अधिकारियों को सख्त अल्टीमेटम- 30 दिन में काम नहीं हुआ तो 31वें दिन सीधे सस्पेंशन

प्रशासनिक जवाबदेही पर बात करते हुए सम्राट चौधरी ने सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वह काम के मामले में सिर्फ तीन ही नोटिस देते हैं। अगर अधिकारियों और कर्मचारियों ने 30 दिनों के भीतर जनता का जायज काम पूरा नहीं किया, तो 31वें दिन उनके घर पर सीधे सस्पेंशन (निलंबन) का लेटर पहुंच जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने राजद (RJD) पर राजनीतिक हमला बोलते हुए दावा किया कि राष्ट्रीय जनता दल की कुल औकात से ज्यादा अति पिछड़ा समाज के विधायक अकेले भारतीय जनता पार्टी के पास हैं।


विपक्ष ने कर्पूरी ठाकुर को कभी सम्मान नहीं दिया, मोदी जी ने दिया 'भारत रत्न': प्रमोद चंद्रवंशी

इससे पहले सम्मेलन को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पहले गरीब की बहू-बेटी खुले में शौच जाने को मजबूर थीं, लेकिन पीएम मोदी ने शौचालय बनवाकर उन्हें सम्मान दिया। आयुष्मान कार्ड का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब किसी गरीब को इलाज के लिए जमीन-घर गिरवी नहीं रखना पड़ेगा और ₹5 लाख तक का मुफ्त इलाज हो रहा है। उन्होंने विपक्ष को घेरते हुए कहा कि विपक्षी दलों ने जननायक कर्पूरी ठाकुर को कभी सम्मान नहीं दिया, जबकि एक गरीब परिवार के बेटे (पीएम मोदी) ने प्रधानमंत्री बनते ही गरीबों के बारे में सोचा और जननायक को 'भारत रत्न' से नवाजा।


"मुख्यमंत्री जी! अतिपिछड़ों को गले लगाइए, यह आपको भगवान बना देगा"

मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी, आप अतिपिछड़ों को गले लगाइए, यह समाज आपको भगवान बना देगा। उन्होंने समाज के लोगों से आह्वान किया कि अतिपिछड़ा वर्ग अब खुलकर राजनीति और समाज में काम करे, बिना किसी डर के अपने खेत-खलिहानों में जाए। उन्होंने आश्वस्त किया कि आपके पीछे सीएम सम्राट चौधरी मुस्तैदी से खड़े हैं, इसलिए अब डरने की कोई बात नहीं है। यह सम्मेलन पूरी तरह से आगामी राजनीतिक समीकरणों को साधने और अतिपिछड़ा वोट बैंक पर बीजेपी की पकड़ मजबूत करने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।

वंदना की रिपोर्ट