JDU National President Election: CM नीतीश फिर बनेंगे जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष! दिल्ली में आज करेंगे नामांकन, ये नेता बनेंगे प्रस्तावक

JDU National President Election: सीएम नीतीश का एक बार फिर निर्विरोध जदयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना तय माना जा रहा है। सीएम नीतीश की ओर आज पार्टी नेता दिल्ली में नामांकन दाखिल करेंगे।

सीएम नीतीश
सीएम नीतीश बनेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष - फोटो : social media

JDU National President Election: बिहार में राजनीतिक फेरबदल के बीच जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का चुनाव होना है। 22 मार्च तक जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए नामांकन होगा। मिली जानकारी अनुसार आज यानी गुरुवार को नीतीश कुमार एक बार फिर जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। यह प्रक्रिया दिल्ली स्थित पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में शाम 4 बजे पूरी होगी।

सीएम नीतीश का निर्विरोध चुना जाना तय 

पार्टी सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार का निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। इसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। नामांकन के दौरान बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार और सांसद संजय झा भी मौजूद रहेंगे। संजय झा नामांकन पत्र के मुख्य प्रस्तावक होंगे, जबकि श्रवण कुमार ने भी प्रस्तावक के रूप में अपनी भूमिका की पुष्टि की है।

जदयू नेता सौंपेंगे नामांकन पत्र 

जदयू के राष्ट्रीय सचिव मोहम्मद निसार ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नीतीश कुमार के 2025-2028 कार्यकाल के अध्यक्ष पद के लिए शाम 4 बजे दिल्ली में नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सीएम नीतीश की ओर से पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्य सभा में संसदीय दल के नेता संजय कुमार झा, मंत्री बिहार सरकार श्रवण कुमार सदस्य बिहार विधान परिषद् संजय कुमार सिंह "गाँधी" तथा पार्टी के अन्य नेता, नामांकन पत्र पार्टी के निर्वाचन अधिकारी अनिल प्रसाद हेगड़े (पूर्व सांसद, राज्यसभा) को सौंपेंगे।

सीएम नीतीश कब कब बने राष्ट्रीय अध्यक्ष 

सीएम नीतीश 2016 में पहली बार जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनें थे। शरद यादव के पद छोड़ने के बाद 10 अप्रैल 2016 को पहली बार पार्टी की कमान संभाली। सीएम नीतीश को 6 अक्टूबर 2019 को निर्विरोध दोबारा अध्यक्ष चुने गए। हालांकि, उन्होंने दिसंबर 2020 में मुख्यमंत्री पद पर ध्यान देने के लिए इस्तीफा दे दिया और आरसीपी सिंह को अध्यक्ष बनाया। जिसके बाद ललन सिंह अध्यक्ष बनें। ललन सिंह के इस्तीफे के बाद 29 दिसंबर 2023 को दिल्ली में हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सीएम नीतीश को फिर से अध्यक्ष चुना गया। जून-जुलाई 2024 के दौरान हुई बैठक में उनके नेतृत्व की पुष्टि की गई, जिसमें संगठन की सहायता के लिए संजय झा को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं अब आज यानी  19 मार्च 2026 को नीतीश कुमार राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए फिर से अपना नामांकन दाखिल करेंगे। वे इस पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार हैं, इसलिए 27 मार्च 2026 को उनके निर्विरोध चुने जाने की औपचारिक घोषणा होने की प्रबल संभावना है।

दिल्ली से धीरज की रिपोर्ट