Bihar News : समृद्धि यात्रा के दौरान सीएम नीतीश ने शेखपुरा जिले को दी 206 करोड़ रुपये की सौगात, 316 योजनाओं का किया शिलान्यास और उद्घाटन
Bihar News : समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज शेखपुरा पहुंचे. जहाँ उन्होंने जिले को 206 करोड़ रूपये के योजनाओं की सौगात दी है........पढ़िए आगे
PATNA : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में शेखपुरा जिले में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने बरबीघा के उच्च माध्यमिक विद्यालय, सर्वा में प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की एवं मॉडल प्रतिकृति का अवलोकन किया। इस क्रम में शेखपुरा जिला अंतर्गत मटोखर दह परिसर का विकास कार्य, विष्णुधाम मंदिर परिसर का विकास कार्य, शेखपुरा प्रखंड में कार्यालय भवन का निर्माण कार्य, जखराज स्थान से हुसैनाबाद बाईपास पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य, सिंचाई प्रमंडल शेखपुरा के अंतर्गत किए जा रहे कार्य, चेवार प्रखंड में प्रखंड कार्यालय सह आवासीय परिसर का निर्माण कार्य के संबंध में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में चलाई जा रही योजनाओं को तेजी से पूर्ण करें। मुख्यमंत्री ने उच्च माध्यमिक विद्यालय, सर्वा में एस्ट्रो/रोबोटिक्स/वी०आर० लैब, खगौल विज्ञान प्रयोगशाला, वर्चुअल रियलिटी लैब का फीता काटकर उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने लैब में उपस्थित बच्चों से मुलाकात कर शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। वहां उपस्थित विद्यार्थियों ने अपने शैक्षणिक कार्यों एवं नये-नये प्रयोग के माध्यम से की जा रही गतिविधियों के संबंध में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि आपलोग अच्छे से पढ़िए। वैज्ञानिक और शोध कार्यों में रुचि रखिए और इसमें ज्ञानवर्द्धन करते रहिए। आप सब अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहें और पूरे मनोयोग से पढ़ाई करें।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन, सर्वा का फीता काटकर एवं शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। साथ ही शेखपुरा जिले के 8 नवनिर्मित पंचायत सरकार भवनों का भी रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन, सर्वा का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत सरकार भवन अच्छा बना है। इसके बन जाने से पंचायत के लोगों को एक ही छत के नीचे सभी सरकारी सुविधाओं का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने इसी परिसर से रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर शेखपुरा जिले के लिए 62 करोड़ रुपये की लागत से 196 योजनाओं का उद्घाटन एवं 144 करोड़ रुपये की लागत से 120 योजनाओं का शिलान्यास/कार्यारंभ किया। इसके पश्चात् शेखपुरा जिले के ऐतिहासिक पृष्ठभूमि एवं विकास कार्यों से संबंधित एक ए०आई० वीडियो मुख्यमंत्री को दिखाया गया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस क्रम में स्वयं सहायता समूह की जीविका दीदियों द्वारा जीविकोपार्जन कार्य से जुड़े हुए विभिन्न गतिविधियों एवं उत्पादों की जानकारी ली। वहां उपस्थित जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि आपने महिलाओं की तरक्की के लिए काफी काम किया है। हम सभी जीविका दीदियां आपकी कृपा से जीवन में आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोग ऐसे ही काम करते रहिए और आगे बढ़िए। मुख्यमंत्री ने 3,601 जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियों को 15 करोड़ 18 लाख का सांकेतिक चेक प्रदान किया तथा 1,425 जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियों को 34 करोड़ 87 लाख का सांकेतिक चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, उद्योग विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभुकों को भी सांकेतिक चेक प्रदान किया।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री सह शेखपुरा जिले के प्रभारी मंत्री जमा खान, सांसद विवेक ठाकुर, विधायक रणधीर कुमार सोनी, विधायक डॉ० कुमार पुष्पंजय, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक, मुख्यालय सुनील कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पंचायती राज विभाग के सचिव मनोज कुमार, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार, शेखपुरा के जिलाधिकारी शेखर आनंद, शेखपुरा के पुलिस अधीक्षक बलिराम कुमार चौधरी सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।