नीतीश कुमार देंगे सीएम हाउस में दावत-ए-इफ्तार, राज्यसभा चुनाव में जीत के बाद होगी खास पार्टी

नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना लगभग तय है, जिसके बाद 18 मार्च को सीएम हाउस में भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन होगा। वहीं 16 मार्च को चिराग पासवान भी इफ्तार दावत देंगे।

नीतीश कुमार देंगे सीएम हाउस में दावत-ए-इफ्तार, राज्यसभा चुना

Patna - बिहार की सियासत में आगामी 16 मार्च का दिन बेहद अहम होने जा रहा है, जब राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान होगा और उसी शाम परिणामों की घोषणा कर दी जाएगी। वर्तमान संख्या बल और राजनीतिक समीकरणों के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का राज्यसभा सांसद बनना लगभग तय माना जा रहा है। इस संभावित जीत के ठीक दो दिन बाद, यानी 18 मार्च को मुख्यमंत्री आवास (1 अणे मार्ग) में एक बड़ी दावत का आयोजन किया गया है।

18 मार्च को सीएम हाउस में 'दावत-ए-इफ्तार'

नीतीश कुमार के राज्यसभा निर्वाचन के बाद 18 मार्च को मुख्यमंत्री आवास में दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया जाएगा। यह दावत हर साल की तरह इस बार भी खास होने वाली है, क्योंकि साल में एक बार सीएम हाउस के दरवाजे इफ्तार के लिए ही खुलते हैं। इस बार नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाओं के बीच इफ्तार की तैयारियों को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है और जिला प्रशासन भी इसे सफल बनाने के लिए पूरी तरह जुट गया है।

मुस्लिम समुदाय के बीच खास तैयारी

बिहार राज्य सुन्नी बोर्ड के अध्यक्ष इरशादुल्लाह ने इस दावत को लेकर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने मुस्लिम समुदाय के विकास के लिए सबसे ज्यादा काम किया है, इसलिए यह आयोजन समुदाय के लिए विशेष महत्व रखता है। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले के बाद इस इफ्तार पार्टी को उनकी विदाई या नई पारी के जश्न के तौर पर भी देखा जा रहा है।

चिराग पासवान भी देंगे इफ्तार पार्टी

वहीं दूसरी ओर, लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने भी 16 मार्च को अपनी पार्टी के कार्यालय में इफ्तार पार्टी देने का ऐलान किया है। 16 मार्च को ही राज्यसभा चुनाव की वोटिंग और रिजल्ट का दिन है, ऐसे में चिराग पासवान द्वारा दी जा रही यह दावत भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।

बिहार की सियासत में 'इफ्तार डिप्लोमेसी'

राज्यसभा चुनाव के नतीजों के साथ ही इफ्तार की ये दावतें बिहार की राजनीति में 'इफ्तार डिप्लोमेसी' को फिर से चर्चा में ले आई हैं। एक तरफ नीतीश कुमार 18 मार्च को सभी को एकजुट करेंगे, तो दूसरी तरफ चिराग पासवान चुनाव के दिन ही इफ्तार के जरिए अपनी ताकत और पहुंच का प्रदर्शन करेंगे। 1 अणे मार्ग में पिछले एक हफ्ते से चल रही गुप्त तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं।

रिपोर्ट - देबांशु प्रभात