Bihar CM House Security: सीएम हाउस बना किला, नीतीश के राज्यसभा जाने की चर्चा पर जदयू में बगावत, पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका

Bihar CM House Security:मुख्यमंत्री आवास के दोनों मुख्य गेटों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आसपास के क्षेत्रों में भी गश्त तेज कर दी गई है...

CM House Turns Fortress Amid Nitish RS Revolt
सीएम हाउस बना किला- फोटो : reporter

Bihar CM House Security: बिहार की सियासत में एक खबर ने भूचाल ला दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमारके राज्यसभा जाने की अटकलों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। यह चर्चा जैसे ही सार्वजनिक हुई, जदयू के भीतर विरोध के स्वर खुलकर सामने आने लगे।बढ़ते सियासी तापमान को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। मुख्यमंत्री आवास के दोनों मुख्य गेटों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आसपास के क्षेत्रों में भी गश्त तेज कर दी गई है और सुरक्षा कर्मियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। हालात ऐसे हैं कि पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील नजर आ रहा है।

सुबह से ही जदयू के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास के बाहर जुटने लगे। “नीतीश कुमार जिंदाबाद” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। कार्यकर्ताओं का साफ ऐलान है “हमें नीतीश के अलावा कोई मंजूर नहीं।” उनका कहना है कि जनता ने जनादेश मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार को दिया है, न कि राज्यसभा के लिए।

न्यूज4नेशन से बातचीत में एक जदयू कार्यकर्ता ने कहा, “हम पटना के ही हैं। बुधवार दोपहर से जो खबर चल रही है कि नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाया जा रहा है, वही सुनकर यहां पहुंचे हैं। हम यह कहने आए हैं कि मुख्यमंत्री पद पर नीतीश के अलावा और कोई स्वीकार नहीं।”

कार्यकर्ताओं के इस उबाल ने साफ संकेत दे दिए हैं कि अगर सत्ता परिवर्तन की पटकथा लिखी जा रही है तो उसका विरोध सड़कों पर भी दिखाई देगा।

अब सवाल यह है कि क्या यह महज़ अटकलों का असर है या वाकई बिहार की सत्ता में बड़ा बदलाव होने वाला है? फिलहाल सीएम हाउस के बाहर सियासी तापमान चढ़ा हुआ है और पटना की फिज़ा में बेचैनी साफ महसूस की जा रही है

रिपोर्ट- अभिजीत सिंह