Nawada Crime: नवादा में होली पर हिंसा!गोलीबारी, मारपीट और सामुदायिक झड़पों में 30 से ज्यादा घायल, अस्पताल की व्यवस्था चरमराई
Nawada Crime: नवादा जिले में होली के दौरान कई जगहों पर हिंसा और मारपीट की घटनाएं हुईं। गोलीबारी और झड़प में 30 से अधिक लोग घायल हो गए। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान व्यवस्था भी चरमरा गई।
Nawada Crime: बिहार के नवादा जिले में होली का रंगों वाला त्योहार इस बार हिंसा और खून-खराबे में बदल गया। विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुरानी रंजिश, नशे और छोटे-मोटे विवादों ने हिंसक रूप ले लिया, जिससे तीन दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सदर अस्पताल में मरीजों की भीड़ इतनी बढ़ गई कि व्यवस्था चरमरा गई और एक्स-रे मशीन तक खराब हो गई।
नारदीगंज के कुझा गांव में चचेरे भाई ने रंजीत चौधरी को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पटना के अस्पताल में रेफर किया गया। हिसुआ में ठंडा पीने को लेकर विवाद हुआ, जिसमें 5 लोग घायल हुए। नरहट में दलित परिवार पर लाठियां बरसाई गईं, जहां मारपीट के साथ लूटपाट भी हुई। कौवाकोल और नगर क्षेत्र में दो समुदायों के बीच तीव्र बवाल हुआ, जिससे तनाव का माहौल बना रहा। नगर थाना क्षेत्र के गांधी स्कूल के पीछे एक रियल एस्टेट कारोबारी पर भी जानलेवा हमला हुआ।
सदर अस्पताल की स्थिति खराब
सदर अस्पताल में 30 से अधिक घायल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान मशीनें खराब होने से मरीजों को बाहर निजी अस्पतालों में ले जाना पड़ा। पूरा अस्पताल त्राहि-त्राहि मचाने लगा, सरकारी व्यवस्था की पोल खुल गई। बेली शरीफ सहित कई जगहों पर पुलिस ने अभी तक कार्रवाई नहीं की, जिससे दोनों समुदायों के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। अपराधी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस की मेहनत गई बेकार
पुलिस ने होली से पहले फ्लैग मार्च, शांति समिति और शराब पर सख्ती की थी, लेकिन नशे और पुरानी दुश्मनी ने शांति भंग कर दी। स्थानीय लोग शांति की अपील कर रहे हैं। प्रशासन को तत्काल कार्रवाई कर तनाव कम करना चाहिए, ताकि त्योहार खुशियों का रहे।
नावादा से अमन की रिपोर्ट