'जब रामविलास जी की मूर्ति उखाड़ी जा रही थी तब भी आपकी जुबान बंद थी', विधानसभा में चिराग के राजू तिवारी और राजद विधायकों में जुबानी जंग
Bihar Vidhan Sabha: बिहार विधान सभा में सोमवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब लोजपा (रामविलास) के सदस्य राजू तिवारी ने अपने भाषण के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “विपक्ष को सदन का आईना कहा जाता है, लेकिन आईना बस एक दिन ही दिखा था।” उनका कटाक्ष तेजस्वी यादव पर था जो सदन में लगातार अनुपस्थित चल रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि नेता प्रतिपक्ष सदन में नजर क्यों नहीं आ रहे हैं और विपक्ष अपनी जिम्मेदारी कब निभाएगा।
राजू तिवारी के इस बयान पर राजद सदस्यों ने कड़ा विरोध जताया। राजद की ओर से कहा गया कि वे सामाजिक न्याय की विचारधारा से जुड़े लोग हैं और सदन में जनता के मुद्दे उठाने का काम कर रहे हैं। राजद सदस्यों ने राजू तिवारी के बयान को अनुचित बताते हुए उसे वापस लेने की मांग की।
इसी दौरान राजद के कुमार सर्वजीत और राजू तिवारी के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बहस के दौरान कुमार सर्वजीत ने राजू तिवारी को संबोधित करते हुए कहा कि “जब दिल्ली में 12 जनपथ खाली कराया जा रहा था तब आपकी जुबान बंद थी। जब रामविलास जी की मूर्ति उखाड़ी जा रही थी तब भी आपकी जुबान बंद थी।” उनके इस बयान से सदन का माहौल और गरमा गया।
दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर कुछ देर तक चलता रहा, जिसके कारण सदन की कार्यवाही भी प्रभावित हुई। बाद में सभापति के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को शांत कराया गया और कार्यवाही आगे बढ़ाई गई। सदन में इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक तल्खी साफ दिखाई दी। विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच बयानबाजी से माहौल तनावपूर्ण रहा।