Bihar News : पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश से मिले नागरिक परिषद् के महासचिव छोटू सिंह, पंचायतों के विकास को लेकर हुई चर्चा

Bihar News : पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश से मिले नागरिक प

PATNA : बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश से आज बिहार राज्य नागरिक परिषद के महासचिव छोटू सिंह ने एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य राज्य की पंचायती राज व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, सशक्त और विकासोन्मुख बनाना था। बैठक के दौरान पंचायतों के सर्वांगीण विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रतिनिधिमंडल में छोटू सिंह के साथ बड़हरा मुखिया प्रतिनिधि राजू कुमार सिंह, शिव शंकर निषाद, अमर सिंह और पंकज पटेल प्रमुख रूप से शामिल रहे। मुलाकात के दौरान स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों को आ रही समस्याओं के त्वरित समाधान और पंचायतों में जनभागीदारी को बढ़ाने जैसे विषयों पर सकारात्मक बातचीत हुई। मंत्री दीपक प्रकाश ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सरकार हर पंचायत तक विकास की रोशनी पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुलाकात के केंद्र में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच "मजबूत पंचायत – मजबूत बिहार" का संकल्प रहा। चर्चा के दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि कैसे सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी और पारदर्शी तरीके से पहुँचाया जाए। छोटू सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पंचायती राज व्यवस्था प्रदेश में सामाजिक न्याय और विकास का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरी है।

मंत्री दीपक प्रकाश ने प्रतिनिधिमंडल से बातचीत करते हुए कहा कि विकसित पंचायतें ही सशक्त बिहार की नींव हैं। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बरतने और स्थानीय निकायों को अधिक जवाबदेह बनाने की बात कही। मुलाक़ात के दौरान इस बात पर भी सहमति बनी कि पंचायतों में चल रही बुनियादी ढांचागत परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाएगी ताकि गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।

अंत में छोटू सिंह ने मंत्री दीपक प्रकाश के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के संवाद से शासन और जनता के बीच की दूरी कम होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि पंचायती राज विभाग के प्रयासों से ग्रामीण इलाकों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे। यह पहल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकासात्मक पहचान और "विकसित बिहार" के सपने को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।