cyber fraud Crime: पूरी सब्जी का आर्डर देने के नाम ठगे 50 हज़ार,होटल संचालक और साइबर कैफे संचालक को एक साथ बनाया बेवकूफ
cyber fraud Crime: बरबीघा में साइबर ठगी का नया मामला सामने आया है, जहां होटल और साइबर कैफे संचालक को फोन कॉल के जरिए 50 हजार रुपये की ठगी का शिकार बनाया गया।
cyber fraud Crime: पटना एसआईटी के द्वारा बरबीघा थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों के घर में छापेमारी किए हुए अभी 24 घंटे भी नहीं बीता था कि एक और बड़े फॉर्ड को अंजाम दे दिया गया. इस बार तरीका ऐसा जिसे सुनकर हर कोई हैरान हो जाए. यह मामला बरबीघा थाना गेट के ठीक सामने स्थित होटल सत्कार और रोहित साइबर कैफे से जुड़ा हुआ है. दरअसल रोहित साइबर कैफे के संचालक रामनगर गांव निवासी अनुज महतो के पुत्र रोहित कुमार को बुधवार की दोपहर 12:00 बजे एक कॉल आया और कहा गया कि मैं एक अस्पताल में भर्ती हूं. आपके दुकान पर मेरे अंकल आएंगे, आप मुझे 50000 भेज दीजिएगा. मेरे अंकल आपको नगद रुपयों का भुगतान कर देंगे.
साइबर अपराधी खेल खेल रहे हैं
रोहित कुमार पैसा जमा निकासी का भी काम किया करता था, इसलिए उसे इस बात की तनिक भी भनक नहीं लगी कि उसके साथ साइबर अपराधी खेल खेल रहे हैं.उधर होटल संचालक बरबीघा नगर क्षेत्र निवासी प्रमोद कुमार के पुत्र हिमांशु कुमार को साइबर अपराधियों ने कॉल करके पूरी, सब्जी और रसगुल्ला का ऑर्डर देकर एडवांस लेने के लिए रोहित साइबर कैफे दुकान पर जाने के लिए कहा.
साइबर अपराधी ने दिव्यांग बताकर किया फोन
हिमांशु कुमार के अनुसार साइबर अपराधी ने खुद को दिव्यांग बताकर फोन किया था.हिमांशु कुमार जब रोहित साइबर कैफे दुकान पर पहुंचा और रोहित कुमार को फोन पर बातचीत करने के लिए अपना मोबाइल दिया. उधर से साइबर अपराधी ने रोहित कुमार को कहा कि मेरे अंकल हैं, आप मेरे नंबर पर पैसा भेज दीजिए आपको नगद मिल जाएगा. दुकान के संचालक रोहित कुमार ने आव देखा ना ताव, उसने हिमांशु कुमार से पूछे बगैर ही उसने 50000 भेज दिया. रोहित कुमार ने पैसा भेज कर हिमांशु कुमार से जब नगद पैसे की डिमांड किया तब हिमांशु कुमार भड़क गया.
मैं खुद एडवांस लेने के लिए आया- हिमांशु
हिमांशु कुमार ने कहा कि मैं किसी को पैसा भेजने के लिए नहीं कहा है बल्कि मैं खुद एडवांस लेने के लिए आया. इसके बाद दोनों को चंद मिनट में ही समझ में आ गया कि साइबर अपराधियों ने दोनों को बेवकूफ बनाकर रुपयों की ठगी कर ली है. इसके बाद पीड़ित रोहित कुमार के द्वारा 1930 पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराई गई. उधर मामले को लेकर बरबीघा थाना अध्यक्ष गौरव कुमार ने बताया कि पीड़ित को साइबर थाना शेखपुरा में प्राथमिकी दर्ज करवाने के लिए कहा गया है. ताकि जल्द से जल्द इस मामले में कार्रवाई शुरू की जा सके.
उमेश कुमार की रिपोर्ट