'तमंचे पर डिस्को', पटना पुलिस की सख्त चेतावनी के बाद भी 'अवैध हथियारों' से खूब हुआ ठांय-ठांय
Bihar News : वैवाहिक समारोहों में अवैध हथियारों के प्रदर्शन और हर्ष फायरिंग पर सख्त पाबन्दी के बाद भी अपराधिक तत्वों द्वारा तमंचा लहराने का मामला नहीं थम रहा है. यहां तक कि पटना में भी ऐसे वारदात आये दिन होते रहते हैं. ऐसा ही एक मामला पटना के बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर थाना अंतर्गत रानीसराय में सामने आया है. एक वायरल वीडियो में न सिर्फ हथियार लहराया जा रहा है बल्कि कमर लचकाती महिला डांसरों के सामने ताबड़तोड़ फायरिंग भी की जा रही है.
बताया जा रहा है कि 'तमंचे पर डिस्को' का यह वीडियो 21 फरवरी का है. रानिसराय में हुई एक शादी के दौरान नाच गाने के कार्यक्रम में एक युवक के द्वारा हाथो में देसी कट्टा और पिस्टल जैसा हथियार लेकर लहराते हुए हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो की पुष्टि न्यूज 4नेशन नहीं करता है. वायरल वीडियो के अनुसार फायरिंग करने वाला युवक पहले फायरिंग का प्रयास करता है पर गोली नहीं फायर होती,फिर गोली बदल कर डांसर के साथ हाथों में पिस्टल लहराते हुए फायरिंग करता है.
वहीं एक और व्यक्ति कमर में पिस्टल दिखाते हुए नज़र आता है. बताया जा रहा है कि यह मामला बख्तियारपुर थाना अंतर्गत हुआ है. ऐसे में इस वायरल वीडियो पर कब कार्रवाई होती है, इसकी चर्चा क्षेत्र में जोरों पर है. साथ ही ऐसे शरारती और अपराधिक तत्वों के कृत्यों पर रोक लगाने की मांग भी लोग सोशल मीडिया पर कर रहे हैं.
रवि शंकर की रिपोर्ट