बिहार पहुंचते ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का बड़ा ऐलान, 17 अगस्त को लॉन्च होगा ELC 2.0

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के बिहार दौरे का एक प्रमुख कार्यक्रम Electoral Literacy Club (ELC) 2.0 से जुड़ा है। चुनाव आयोग की इस पहल को 17 अगस्त को बिहार से पूरे देश में लॉन्च किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन पटना के ज्ञान भवन में होगा।

CEC Gyanesh Kumar
CEC Gyanesh Kumar - फोटो : news4nation

Bihar News:  मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार बिहार के दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे हैं। पटना पहुंचने के बाद वह रविवार को सीतामढ़ी, वैशाली और मधुबनी के दौरे के लिए रवाना हुए। अपने बिहार दौरे के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों और मतदाताओं से संवाद करेंगे।


ज्ञानेश कुमार ने बिहार पहुंचने पर कहा कि वह राज्य की पावन धरती को नमन करने के लिए आए हैं। उन्होंने बिहार में हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि 2025 का बिहार विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ और इसमें आजादी के बाद अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि बिहार के मतदाताओं ने जिस तरह लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, वह सराहनीय है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने वैशाली समेत बिहार के सभी मतदाताओं का अभिनंदन किया।


17 अगस्त को ELC 2.0 की होगी लॉन्चिंग

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के बिहार दौरे का एक प्रमुख कार्यक्रम Electoral Literacy Club (ELC) 2.0 से जुड़ा है। चुनाव आयोग की इस पहल को 17 अगस्त को बिहार से पूरे देश में लॉन्च किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन पटना के ज्ञान भवन में होगा। ELC 2.0 का उद्देश्य विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को चुनावी प्रक्रिया, लोकतंत्र और मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को चुनाव से जुड़ी जानकारी और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।


ज्ञानेश कुमार ने बताया कि 17 अगस्त को वह नालंदा में BLO (Booth Level Officer) के साथ बैठक भी करेंगे। बैठक में मतदाता सूची, मतदान केंद्रों और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।


बिहार के चुनाव की सफलता का किया जिक्र

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बिहार में चुनावी प्रक्रिया की चर्चा करते हुए कहा कि वर्ष 2025 में राज्य में विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। उन्होंने दावा किया कि बिहार में दर्ज मतदान प्रतिशत देश के साथ-साथ कई प्रमुख लोकतांत्रिक देशों में हुए आम चुनावों के मतदान प्रतिशत से भी अधिक रहा। उन्होंने अमेरिका, फ्रांस, इंग्लैंड, जापान और स्पेन जैसे देशों का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार के मतदाताओं ने मतदान में इन देशों के आम चुनावों से भी अधिक भागीदारी दिखाई।


उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने लोकतंत्र के प्रति अपनी मजबूत प्रतिबद्धता दिखाई है। उन्होंने राज्य के सभी मतदाताओं को इसके लिए बधाई दी और कहा कि चुनावी प्रक्रिया को मजबूत बनाने में मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने यह भी कहा कि चुनाव आयोग से जुड़े सफल कार्यक्रमों की शुरुआत बिहार से होना राज्य के लिए गौरव की बात है। उनके दो दिवसीय दौरे के दौरान चुनावी जागरूकता, मतदाता सूची और बूथ स्तर की व्यवस्थाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभिजीत की रिपोर्ट