‘वंदे मातरम्’ के अपमान में बुरी फंसी सोनिया गाँधी ! भाजपा नेता की शिकायत, FIR में बड़ा आरोप

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ‘वंदे मातरम्’ के गायन को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव को और तेज कर दिया है। इससे जुड़े विवाद में अब सोनिया गाँधी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करने की भाजपा नेता ने पहल की है

 Sonia Gandhi  Vande Mataram Row
Sonia Gandhi Vande Mataram Row- फोटो : news4nation

Sonia Gandhi : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदे मातरम्’ के पूर्ण संस्करण के गायन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब थाने में शिकायत दर्ज कराने तक पहुंच गया है। बीजेपी नेता विकास पुत्तूर ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के खिलाफ मंगलुरु के उर्वा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि 15 अगस्त के कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम्’ का अपमान किया गया। पुत्तूर ने पुलिस से मामले में FIR दर्ज करने की मांग की है।


कांग्रेस मुख्यालय में क्या हुआ?

दरअसल, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ का पूरा संस्करण गाया गया। इसी दौरान सामने आए एक वीडियो में सोनिया गांधी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर इशारा करती और उनसे बातचीत करती नजर आईं। वह अपनी जगह से इधर-उधर होते हुए कुछ इशरा कर रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने ‘वंदे मातरम्’ के पूर्ण गायन पर आपत्ति जताई थी। बीजेपी ने इस घटना को राष्ट्रीय गीत के अपमान से जोड़ते हुए कांग्रेस पर हमला तेज कर दिया। 


कांग्रेस का स्पष्टीकरण

कांग्रेस ने बीजेपी के आरोपों को खारिज किया है। पार्टी की ओर से कहा गया कि सोनिया गांधी का इशारा ‘वंदे मातरम्’ को रोकने या उसका विरोध करने के लिए नहीं था। कांग्रेस के मुताबिक, वह कार्यक्रम के दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए कुर्सी की व्यवस्था कराने को लेकर बात कर रही थीं।


कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी विवाद के बीच ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक संदर्भ का उल्लेख करते हुए कहा कि महात्मा गांधी और रवींद्रनाथ टैगोर समेत कई नेताओं ने इसके शुरुआती अंतरों के इस्तेमाल की परंपरा पर जोर दिया था। पार्टी ने पूरे घटनाक्रम को बीजेपी की ओर से राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश बताया है।


अब पुलिस से कार्रवाई की मांग

इसी विवाद को लेकर बीजेपी नेता विकास पुत्तूर ने मंगलुरु के उर्वा पुलिस स्टेशन में शिकायत देकर सोनिया गांधी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो वह हाईकोर्ट का रुख करेंगे और निजी शिकायत भी दायर करेंगे। हालांकि, पुलिस में शिकायत दर्ज होना अपने आप में किसी अपराध के साबित होने का प्रमाण नहीं है। आगे की कार्रवाई पुलिस की जांच और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर तय होगी।


इस पूरे विवाद ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ‘वंदे मातरम्’ के गायन को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव को और तेज कर दिया है।