पटना में गांजा तस्करी का 'गुरु जी' गिरफ्तार: पुलिस ने 21KG गांजा और नकदी के साथ दबोचा,पूर्व में था शराब माफ़िया
पटना जिले के बिक्रम थाना अंतर्गत बाघाकोल ग्राम में 21 KG गांजा कैश 18 हजार पांच सौ 90, इलेक्ट्रिक तराजू संग निरंजन उर्फ गुरु जी पूर्व में शराब माफिया के तौर पर विख्यात था और पूर्व में दो बार भारी मात्रा में शराब के साथ दबोचकर पुलिस ने जेल भी भेजा था
पटना जिले के बिक्रम थाना क्षेत्र से पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाघाकोल ग्राम में छापेमारी कर भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने मौके से एक मुख्य धंधेबाज को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान निरंजन उर्फ 'गुरु जी' के रूप में की गई है। इस कार्रवाई के बाद से इलाके के अन्य नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
21 किलो गांजा, नकदी और इलेक्ट्रिक तराजू बरामद
बाघाकोल गांव में हुई इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने तस्कर के ठिकाने से करीब 21 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। इसके साथ ही पुलिस ने मौके से तस्करी की कमाई के 18 हजार 590 रुपये कैश और नशीले पदार्थों को तोलने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक इलेक्ट्रिक तराजू (वेइंग स्केल) भी बरामद किया है। इन सामानों की बरामदगी से साफ है कि आरोपी बड़े पैमाने पर इलाके में नशे का कारोबार चला रहा था।
गुप्त सूचना पर बिक्रम थाना पुलिस ने बिछाया जाल
जानकारी के मुताबिक, बिक्रम थाना पुलिस को बाघाकोल गांव में गांजे की एक बड़ी खेप पहुंचने और उसकी खरीद-बिक्री होने की सटीक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर त्वरित छापेमारी की गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी निरंजन उर्फ गुरु जी को रंगेहाथ दबोच लिया। पुलिस अब आरोपी के पास से मिले पैसों और गांजे के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। विदित हो कि पुलिस के हत्थे चढ़ा निरंजन उर्फ़ गुरु जी पूर्व में शराब माफिया के तौर पर विख्यात था और पूर्व में दो बार भारी मात्रा में शराब के साथ दबोचकर पुलिस ने जेल भी भेजा गया था। अभी गांजा का धंधा कर रहा था।
नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस, भेजा गया जेल
बिक्रम थाना पुलिस ने गिरफ्तार तस्कर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस प्रशासन अब इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रहा है कि निरंजन उर्फ गुरु जी यह गांजा कहाँ से लाता था और पटना व उसके आसपास के इलाकों में उसके नेटवर्क से कौन-कौन से लोग जुड़े हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस रैकेट से जुड़े कुछ अन्य बड़े चेहरों को भी बेनकाब किया जाएगा।
रिपोर्ट - ऋषिकेश कुमार