Bihar Weather: बिहार के इन 12 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट, 31 मार्च को फिर बरसेंगे बदरा, जानिए पटना में कैसा रहेगा मौसम का हाल

Bihar Weather: बिहार के 12 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों में बारिश और कई जिलों धूप ने परेशानी बढ़ा रखी है। मौसम विभाग ने 31 मार्च को एक बार फिर मौसम बिगड़ने की संभावना जताई है।

बारिश
12 जिलों के लिए अलर्ट जारी - फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather: बिहार में मौसम लगातार करवट ले रहा है। कभी तेज धूप तो कभी आंधी पानी लोगों को परेशान कर रहा है। बीते दिन कई जिलों में मौसम शुष्क बना रहा है। वहीं आज यानी रविवार को मौसम विभाग ने प्रदेश के 12 जिलों के लिए आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

पटना में नहीं होगी बारिश 

मौसम विभाग के अनुसार, इन जिलों में सोमवार तक खराब मौसम बना रहेगा और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं पटना, गया और छपरा समेत पश्चिमी और मध्य बिहार के जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है, जहां मौसम सामान्य रहने और धूप निकलने की संभावना है। ऐसे में राजधानी पटना में बारिश की उम्मीद कम है। 

कहीं बारिश तो कहीं धूप 

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। अररिया के रानीगंज में सबसे अधिक 50.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा खगड़िया में 45 मिमी, भागलपुर में 32.8 मिमी और किशनगंज में 32.6 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से अधिक मानी जा रही है। दूसरी ओर, कैमूर जिला सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

31 मार्च को बिगड़ेगा मौसम 

मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि रविवार और सोमवार पूर्वी बिहार के लिए खतरनाक हो सकते हैं। वहीं 31 मार्च को पूरे बिहार में एक बार फिर रामनवमी जैसी आंधी-तूफान की स्थिति बनने की आशंका है। पूर्वानुमान के अनुसार, 30 मार्च को सीमांचल के जिलों में ही आंधी-बारिश की संभावना रहेगी, जबकि बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। वहीं 31 मार्च को उत्तर बिहार और दक्षिण-पूर्वी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज आंधी और बारिश की संभावना है। अन्य जिलों में भी येलो अलर्ट लागू रहेगा।