Bihar Politics: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज देंगे विधायक पद से इस्तीफा! बांकीपुर से 5 टर्म MLA रहने के बाद विदाई, अब राज्यसभा में निभाएंगे भूमिका

Bihar Politics: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज विधायक पद से इस्तीफा देंगे। बांकीपुर से 5 बार विधायक रहने के बाद वो इस पद को छोड़ रहे हैं। अब राज्यसभा में वो अपनी भूमिका निभाएंगे।

नितिन नवीन
नितिन नवीन आज देंगे इस्तीफा - फोटो : social media

Bihar Politics: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज बिहार विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देंगे। जानकारी अनुसार 10 बजे के आस पास नितिन नवीन अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। बता दें कि नितिन नवीन को हाल ही में बीजेपी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जिसके बाद वो बिहार से राज्यसभ के लिए निर्वाचित हुए हैं। संवैधानिक प्रक्रिया के तहत नितिन नवीन विधायक पद छोड़ेंगे। चूकि अब वो किसी एक ही सदन के सदस्य बने रह सकते हैं तो वो आज बिहार विधानसभा के सदस्य से इस्तीफा देंगे और अब राज्यसभा में अपनी भूमिका निभाएंगे। 

5 टर्म रहे विधायक 

नितिन नवीन बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक रह चुके हैं। उनके इस्तीफे के बाद इस सीट पर उपचुनाव की संभावना भी बन गई है, जिस पर सभी राजनीतिक दलों की नजर टिकी रहेगी। विधानसभा से इस्तीफा देने के बाद नितिन नवीन अब पूरी तरह राष्ट्रीय राजनीति और राज्यसभा में अपनी भूमिका पर ध्यान केंद्रित करेंगे। उनका राज्यसभा जाना और पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना बिहार बीजेपी के लिए एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। इससे पार्टी संगठन को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

कई अहम मंत्रालयों की संभाली जिम्मेदारी

नितिन नवीन बिहार सरकार में पथ निर्माण विभाग और नगर विकास एवं आवास विभाग जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उनके कार्यकाल में सड़क निर्माण, कनेक्टिविटी और शहरी बुनियादी ढांचे के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने अपने कार्यकाल में कई बड़ी सड़क परियोजनाओं और शहरी विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया। स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और शहरों के आधुनिकीकरण से जुड़े कई फैसले भी उनके कार्यकाल में लिए गए, जिनका असर राज्य के कई जिलों में देखने को मिला।

इस्तीफे के बाद राष्ट्रीय राजनीति में निभाएंगे भूमिका 

नितिन नवीन को संगठन और सरकार दोनों में संतुलन बनाकर काम करने वाला नेता माना जाता है। वे लंबे समय से बीजेपी संगठन में सक्रिय रहे हैं और पार्टी नेतृत्व का भरोसा जीतते रहे हैं। यही वजह है कि उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे अहम पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। उनका इस्तीफा बिहार की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।