Bihar Weather: बिहार में बिगड़ा मौसम का मिजाज! आंधी-तूफान के साथ होगी झमाझम बारिश, 19 जिलों के लिए 'भयंकर' अलर्ट जारी

Bihar Weather: मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक-दो दिनों तक ऐसे ही हालात बने रहेंगे। इस दौरान कई इलाकों में तेज बारिश, आंधी और वज्रपात की संभावना है, जिसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

बारिश
19 जिलों के लिए अलर्ट जारी - फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather:  बिहार में अचानक मौसम ने करवट ले ली है। अधिकांश हिस्सों में 24 घंटे के अंदर बारिश दर्ज हुई। वहीं अगले 24 घंटे के लिए भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। खासकर उत्तर और पूर्वी जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है।

पटना का हाल

राजधानी पटना में बुधवार को हुई हल्की बारिश और बादलों के कारण मौसम सुहावना हो गया। दिनभर बादल छाए रहने और ठंडी हवा चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। दोपहर में बूंदाबांदी के बाद तापमान में 6.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं गुरुवार सुबह से ही राजधानी में धूप निकली हुई है। 

11 अप्रैल से बदलेगा मौसम 

बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और उत्तर-पश्चिमी चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से यह स्थिति बनी है, जिसके कारण तापमान में करीब 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। 9 और 10 अप्रैल को गरज वाले बादल बन सकते हैं, जिससे बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 22 से 25 किमी प्रति घंटे रह सकती है। हालांकि 11 अप्रैल के बाद मौसम के सामान्य होने की संभावना है।

भीषण गर्मी का शुरु होगा दौर  

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी भरी हवाओं के साथ एक चक्रवाती परिसंचरण के कारण वातावरण में अस्थिरता बढ़ी है। इसी वजह से अचानक मौसम में बदलाव हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 से 3 दिनों में मौसम साफ होने लगेगा। इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी होगी और अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अप्रैल के मध्य तक गर्मी फिर से असर दिखाने लगेगी। 

क्या है काल वैशाखी?

मौसम विभाग की मानें तो बिहार में प्री-मानसून का खतरनाक सिस्टम ‘काल वैशाखी’ सक्रिय हो गया है, जिससे राज्यभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। काल वैशाखी एक मौसमी तूफान है, जो अप्रैल-मई के दौरान पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में आता है। यह ठंडी और गर्म हवाओं के टकराव से बनता है और तेज आंधी, बारिश व बिजली गिरने जैसी घटनाओं के साथ जान-माल का नुकसान कर सकता है।