बिहार में घरेलू रसोई गैस की अब 3–4 दिन में होगी होम डिलीवरी,उपभोक्ता अब घर बैठे ऐप के जरिए ऐसे करवा सकते हैं केवाईसी
Bihar LPG Gas: उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए केवाईसी पूरी तरह डिजिटल कर दी गई है, जिसे इंडियन ऑयल वन, हेलो बीपीसीएल और एचपी पे ऐप के माध्यम से घर बैठे पूरा किया जा सकता है।
Bihar LPG Gas:बिहार में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति अब पूर्ववत सुचारु रूप से हो रही है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि राज्य में उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग के 3–4 दिनों के भीतर सिलेंडर घर पर पहुंचाया जा रहा है। इसके चलते एजेंसियों पर भीड़ लगाने की जरूरत समाप्त हो गई है।
मंत्री ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए केवाईसी पूरी तरह डिजिटल कर दी गई है, जिसे इंडियन ऑयल वन, हेलो बीपीसीएल और एचपी पे ऐप के माध्यम से घर बैठे पूरा किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अवैध भंडारण, कालाबाजारी और व्यावसायिक दुरुपयोग के खिलाफ राज्यभर में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 25,560 निरीक्षण किए गए हैं, जिनमें 1,662 सिलेंडर जब्त किए गए और 114 प्राथमिकी दर्ज हुई हैं। इसके अलावा आमजन की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष सक्रिय है।
मंत्री ने बताया कि राज्य में 99,346 घरों में पीएनजी कनेक्शन चालू हैं, जबकि 55,025 घरों में कनेक्शन तैयार हैं। लगभग 3.39 लाख घरों में पाइपलाइन इंफ्रास्ट्रक्चर स्थापित हो चुका है। पिछले वर्ष प्रति माह 3,000–3,500 पीएनजी कनेक्शन दिए जाते थे, जो मार्च 2026 में बढ़कर 8,000 प्रति माह हो गए। 17 जिलों में पाइपलाइन से गैस आपूर्ति हो रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि खरीफ विपणन मौसम 2025-26 में धान की 36.79 लाख मीट्रिक टन खरीद 5,40,474 किसानों से की गई, जिस पर 8,807.47 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। रबी विपणन मौसम 2026-27 में गेहूं की खरीद 1 अप्रैल से और मसूर की खरीद 10 अप्रैल से 31 मई तक की जाएगी।मंत्री ने कहा कि शादियों के मौसम में सिलेंडर की कमी नहीं होने दी जाएगी और सभी को समान संख्या में सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रवासी मजदूरों के लिए 5 किलो के गैस सिलेंडर की व्यवस्था भी की गई है।
इस अवसर पर विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, निदेशक-सह-विशेष सचिव विभूति रंजन चौधरी, विशेष सचिव उपेन्द्र कुमार और प्रबंध निदेशक बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम सुनील कुमार भी उपस्थित रहे।