Bihar Weather: बिहार में बारिश का सिलसिला रहेगा जारी, 9 जिलों में आंधी-वज्रपात का अलर्ट, बाढ़ ने बढ़ाई परेशानी

Bihar Weather: बिहार में मानसून के बीच कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है।...

Bihar weather
बिहार में बारिश का सिलसिला जारी- फोटो : social Media

Bihar Weather: बिहार में मानसून  के बीच कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, सोमवार को प्रदेश के 9 जिलों में बारिश होने का पूर्वानुमान है। इस दौरान कुछ इलाकों में 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से एहतियात बरतने और खराब मौसम के दौरान खुले मैदान व पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।

राजधानी पटना में भी मौसम सामान्य से लेकर बादलयुक्त रहने की उम्मीद है। बीते 24 घंटे में पटना में 68 एमएम बारिश दर्ज की गई। अगले दिन आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ जगहों पर बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि लगातार तेज बारिश के आसार कम हैं। बारिश के बावजूद उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।

पिछले 24 घंटे में मुंगेर में 73 एमएम, पटना में 68 एमएम, बांका में 67 एमएम और मुजफ्फरपुर में 65 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई। वहीं जमुई और सीवान में 55 एमएम बारिश दर्ज की गई।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। कई जिलों में बादल और स्थानीय बारिश का दौर चलता रहेगा। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आ सकती है, लेकिन बारिश थमते ही उमस फिर बढ़ेगी।

सबसे बड़ी चिंता यह है कि बिहार में मानसूनी बारिश अब भी सामान्य से काफी पीछे है। राज्य में अब तक 820.9 एमएम बारिश होनी चाहिए थी, जबकि महज 531.3 एमएम बारिश हुई है। यानी बारिश सामान्य से 35 फीसदी कम है।