पटना में झमाझम बारिश और आंधी,बिहार में भारी बारिश का अलर्ट, चेतावनी जारी

Bihar weather:बिहार की राजधानी पटना समेत प्रदेश के कई हिस्सों में गुरुवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली।

बिहार का बदला मौसम
बिहार का बदला मौसम - फोटो : Hiresh kumar

Bihar weather:बिहार की राजधानी पटना समेत प्रदेश के कई हिस्सों में गुरुवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस झेल रहे लोगों को सुबह-सुबह आई तेज आंधी और झमाझम बारिश ने बड़ी राहत दी है। धूल भरी तेज हवाओं के बाद आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के अनुसार, आज 11 जून को पूरे बिहार में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज छींटे पड़ने की संभावना है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं (आंधी) चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने पटना के अलावा वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, और गया जैसे मध्य और उत्तरी बिहार के जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी आशंका जताई है।

खराब मौसम को देखते हुए लोग खुले स्थानों, विशेषकर पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे शरण लेने से बचें। वज्रपात (बिजली गिरने) की आशंका के कारण किसान भाई खेतों में जाने से परहेज करें।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और स्थानीय स्तर पर बने चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के कारण मानसून पूर्व की यह गतिविधियां तेज हुई हैं। इस बारिश से न सिर्फ आम जनता को चिलचिलाती धूप से आजादी मिली है, बल्कि कृषि क्षेत्र और सूख रहे जलस्रोतों को भी नया जीवन मिला है। फिलहाल, पटना में ठंडी हवाएं चल रही हैं और मौसम सुहावना बना हुआ है।