Patna Highcourt News : पटना हाईकोर्ट को मिले 7 नए जज, बढ़कर 44 हुई जजों की संख्या, राष्ट्रपति ने जारी की अधिसूचना, 15 जून को शपथ ग्रहण की संभावना

Patna Highcourt News : भारत के राष्ट्रपति ने अधिवक्ता रंजन कुमार झा, अधिवक्ता कुमार मनीष और अधिवक्ता राज कुमार को उनके पद भार ग्रहण करने की तिथि से पटना हाई कोर्ट का जज नियुक्त किया है।

Patna Highcourt News : पटना हाईकोर्ट को मिले 7 नए जज, बढ़कर
पटना हाईकोर्ट को मिले 7 जज - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार के न्यायिक गलियारे से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। भारत के राष्ट्रपति ने पटना हाईकोर्ट में जजों की कमी को दूर करने के लिए सात नए जजों की नियुक्ति को हरी झंडी दे दी है। इस संबंध में भारत सरकार के विधि तथा न्याय मंत्रालय द्वारा 10 जून, 2026 को आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस नई नियुक्ति के साथ ही पटना हाईकोर्ट में न्यायधीशों की कार्यक्षमता में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

तीन नियमित और चार एडिशनल जज नियुक्त

जारी अधिसूचना के अनुसार, पटना हाईकोर्ट में तीन नियमित जज और चार एडिशनल (अतिरिक्त) जज नियुक्त किए गए हैं। अधिवक्ता रंजन कुमार झा, अधिवक्ता कुमार मनीष और अधिवक्ता राज कुमार को उनके पद भार ग्रहण करने की तिथि से पटना हाईकोर्ट का स्थाई जज नियुक्त किया गया है। वहीँ अधिवक्ता राणा विक्रम सिंह, अधिवक्ता विकास कुमार, अधिवक्ता गिरिजिश कुमार व अधिवक्ता आलोक कुमार को पद भार ग्रहण की तिथि से दो वर्षों की अवधि के लिए एडिशनल जज के पद पर नियुक्त किया गया है।

जजों की संख्या बढ़कर हुई 44, अभी भी 9 पद खाली

इन सात नए जजों की नियुक्ति के साथ ही पटना हाईकोर्ट में कार्यरत जजों की कुल संख्या 37 से बढ़कर अब 44 हो गई है। गौरतलब है कि पटना हाईकोर्ट में जजों के कुल 53 पद स्वीकृत हैं। इस लिहाज से नई नियुक्तियों के बाद भी हाईकोर्ट में अभी 9 पद रिक्त रहेंगे, जिन्हें भरने की प्रक्रिया आने वाले समय में पूरी की जाएगी।

15 जून को शपथ ग्रहण की संभावना

अदालती सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इन सभी नवनियुक्त जजों का शपथ ग्रहण समारोह आगामी 15 जून, 2026 को आयोजित कराए जाने की प्रबल संभावना है, जहाँ पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश इन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण के बाद सभी नए जज औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लेंगे।

दो अधिवक्ताओं की नियुक्ति का अभी भी इंतजार

इससे पहले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने इसी वर्ष 26 फरवरी, 2026 को पटना हाईकोर्ट के लिए नौ अधिवक्ताओं को जज बनाने की अनुशंसा केंद्र सरकार को भेजी थी। हालांकि, वर्तमान अधिसूचना में केवल सात नामों को ही मंजूरी दी गई है। कॉलेजियम द्वारा अनुशंसित नामों में से दो वरिष्ठ अधिवक्ताओं—मोहम्मद नदीम सिराज और संजीव कुमार की नियुक्ति पर निर्णय होना अभी शेष है, जिसके लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा।