Bihar News : प्रवासियों के लिए वरदान बनी बिहार की स्पेशल बसें, मात्र 18 दिनों में इतने लोगों ने किया सफर

Bihar News : बिहार से चलाई जा रही स्पेशल बसें प्रवासियों के लिए वरदान साबित हुई है. ईद और होली को लेकर मात्र 18 दिनों ने इतने लोगों ने इन बसों से सफ़र किया है.......पढ़िए आगे

Bihar News : प्रवासियों के लिए वरदान बनी बिहार की स्पेशल बसे
वरदान बनी स्पेशल बसें - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : होली और ईद के त्योहारों पर घर लौटने वाले प्रवासी बिहारियों के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) की विशेष अंतर्राज्यीय बस सेवा 'वरदान' साबित हो रही है। ट्रेनों में लंबी वेटिंग और निजी बसों के मनमाने किराए के बीच, सरकार द्वारा शुरू की गई इन 118 एसी सीटर और स्लीपर बसों ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। पिछले 18 दिनों के आंकड़ों के मुताबिक, इन बसों में 43 हजार से अधिक यात्रियों ने सफर किया है, जिससे औसतन 93 प्रतिशत सीटें फुल रही हैं।

मुजफ्फरपुर-दिल्ली रूट सबसे टॉप पर

निगम की इस विशेष सेवा में सबसे अधिक लोकप्रियता मुजफ्फरपुर और दिल्ली रूट पर देखी गई है। अकेले इस रूट पर 17,478 यात्रियों ने सफर तय किया। इसके अलावा गया, दरभंगा, पटना और पूर्णिया से दिल्ली, गुरुग्राम, पानीपत और अंबाला जैसे शहरों के लिए भी यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। आंकड़ों के अनुसार दरभंगा-गुरुग्राम रूट पर 4,200 और गया-दिल्ली/गुरुग्राम रूट पर 3,700 से अधिक यात्रियों ने अब तक यात्रा की है।

किफायती सफर और आधुनिक सुविधाएं

23 फरवरी से शुरू हुई यह सेवा दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों को जोड़ रही है। यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग की व्यवस्था की है। यात्री निगम की आधिकारिक वेबसाइट (https://bsrtc.bihar.gov.in/) पर जाकर न केवल अपनी पसंदीदा सीट चुन सकते हैं, बल्कि यूपीआई (UPI), डेबिट/क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग के जरिए डिजिटल भुगतान भी कर सकते हैं। इसके अलावा बसों में ऑन-स्पॉट बुकिंग की सुविधा भी दी गई है।

23 मार्च तक जारी रहेगी विशेष सेवा

बिहार सरकार की यह पहल प्रवासियों को ट्रेनों की भारी भीड़ और महंगे विकल्पों से बचाने के लिए की गई है। परिवहन विभाग के अनुसार, यह विशेष त्योहारी बस सेवा 23 मार्च तक जारी रहेगी, ताकि त्योहार मनाकर वापस काम पर लौटने वाले लोगों को भी सुगम यातायात मिल सके। आरामदायक सफर और वाजिब किराए के कारण यह सेवा मध्यम वर्गीय परिवारों के बीच काफी लोकप्रिय हो रही है।