Bihar Mining Revenue Target: बिहार में खनन विभाग का बड़ा फैसला, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ₹5040 करोड़ का लक्ष्य

बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ₹5040 करोड़ का राजस्व समाहरण लक्ष्य तय किया है। अपर सचिव भारत भूषण प्रसाद ने सभी जिलाधिकारियों को कार्य योजना बनाकर मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया है।

Bihar mining department Fixed revenue target
बिहार में खनन विभाग का बड़ा फैसला, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ₹5040 करोड़ का लक्ष्य- फोटो : Reporter

बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व विभाग ने आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अपने राजस्व संग्रह के लक्ष्यों की घोषणा कर दी है। सरकार के अपर सचिव भारत भूषण प्रसाद द्वारा राज्य के सभी समाहर्ताओं (जिलाधिकारियों) को जारी किए गए आधिकारिक पत्र के अनुसार, इस बार सरकार ने खनन और भूतत्व क्षेत्र से एक बड़ा राजस्व जुटाने का फैसला किया है। विभाग द्वारा व्यापक समीक्षा करने के बाद इस वित्तीय वर्ष के लिए रणनीति को अंतिम रूप दिया गया है।


₹5040 करोड़ की राजस्व वसूली का टारगेट, जिलावार सूची जारी

सरकार ने वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कुल ₹5040.00 करोड़ (पांच हजार चालिस करोड़ रुपये) का विशाल राजस्व समाहरण (कलेक्शन) लक्ष्य निर्धारित किया है। इस भारी-भरकम लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए विभाग ने राज्य के सभी जिलों की क्षमता के अनुसार जिलावार लक्ष्य सूची भी तैयार की है, जिसे इस पत्र के साथ सभी जिलाधिकारियों को संलग्न कर भेज दिया गया है।


जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश: कार्य योजना बनाकर लगातार करें मॉनिटरिंग

पत्र के माध्यम से सरकार के अपर सचिव ने सभी जिलाधिकारियों (समाहर्ताओं) को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने जिलों के लिए तय किए गए राजस्व लक्ष्य को हासिल करने के लिए तुरंत एक प्रभावी कार्य योजना (Action Plan) तैयार करें। इसके साथ ही, राजस्व वसूली की प्रक्रिया में तेजी लाने और किसी भी कमी को दूर करने के लिए अधिकारियों को जमीनी स्तर पर सतत अनुश्रवण (Continuous Monitoring) करने की बात कही गई है।

धीरज पराशर की रिपोर्ट